
नरवाई प्रबंधन के लिए बेलर, सुपरसीडर तथा अन्य आधुनिक कृषि यंत्रों का किया जा रहा उपयोग
सिरमौर में आधुनिक कृषि उपकरणों से किया जा रहा नरवाई का उचित प्रबंधन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जिले भर में धान की फसल की कटाई के तत्काल बाद गेंहू की बुवाई की जाती है। हार्वेस्टर से धान की कटाई करने पर किसानों के लिए नरवाई बड़ी समस्या होती है। इसे जलाने पर मिट्टी के उपयोगी जीवाणु नष्ट होते हैं तथा भारी जुर्माना लगाया जाता है। नरवाई के उचित प्रबंधन के लिए कई उपयोगी कृषि उपकरण उपलब्ध हैं। सिरमौर विकासखण्ड में नरवाई के प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। इस संबंध में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि सिरमौर में गुदहा एवं आसपास के गांवों में फसल अवशेष प्रबंधन के लिए संचालित मशीनों का निरीक्षण किया गया। इन गांवों में क्रॉप साइकिल कंपनी द्वारा क्षेत्र में स्लैशर, रेक एवं बेलर मशीनों के माध्यम से फसल कटाई के उपरांत खेतों में उपलब्ध नरवाई को एकत्रित करके गठानें बनाई जा रही हैं। इसमें स्लैशर मशीन से फसल अवशेषों की कटाई करके रेक मशीन से उन्हें एकत्रित किया जाता है। इसके बाद बेलर मशीन से गठ्ठर तैयार किए जा रहे हैं। कंपनी द्वारा अब तक लगभग 300 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र से करीब 1000 मीट्रिक टन पराली एकत्रित की जा चुकी है। इस कंपनी द्वारा रिलायंस कंपनी को सीबीजी प्लांट में उपयोग के लिए नरवाई की आपूर्ति की जा रही है। इससे रिलायंस कंपनी को कम्प्रेस्ड बायो गैस बनाने के लिए नरवाई मिल रही है। इससे किसानों के लिए अनुपयोगी तथा फसल की बोनी में बाधा डालने वाली नरवाई का उचित प्रबंधन भी हो रहा है। कृषि विभाग तथा कृषि अभियांत्रिकी शाखा के अधिकारियों ने गत दिवस सिरमौर क्षेत्र का भ्रमण करके मशीनों से नरवाई प्रबंधन का जायजा लिया।

