मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का संशोधित कार्यक्रम जारी
15 दिसंबर तक निपटाई जाएंगी दावे-आपत्तियां, 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत महाराष्ट्र के लिए संशोधित समय-सारणी जारी की है। इसके अनुसार मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियों का निपटारा 15 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 17 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार महाराष्ट्र सहित कुछ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों के लिए संशोधित समय-सीमा निर्धारित की गई है।
महाराष्ट्र में नोटिस चरण की शुरुआत 31 अगस्त 2026 से हो चुकी है। दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता पंजीकरण के लिए गणना प्रपत्रों की तैयारी और छपाई 18 नवंबर तक पूरी की जाएगी। वहीं, इन प्रपत्रों का वितरण और संग्रह 18 से 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। गणना प्रपत्रों के निस्तारण की प्रक्रिया 10 दिसंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी देने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही राजनीतिक दलों को भी संशोधित समय-सारणी की लिखित जानकारी दी जाएगी।
आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे संशोधित कार्यक्रम की जानकारी रखें और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने सहित संबंधित प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएं।


