
सेंट मैरी इंटर कॉलेज, सिविल लाइन, इटावा
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल! छुट्टी के बाद कक्षा 9 की छात्रा लापता, आखिर किसकी जिम्मेदारी?
रोज मुख्य गेट से निकलते हैं बच्चे, फिर छात्रा के दूसरे गेट से जाने की बात कहकर जिम्मेदारी से बच रहा स्कूल प्रबंधन?
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। सेंट मैरी इंटर कॉलेज से कक्षा 9 की छात्रा के लापता होने का मामला स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मंगलवार को छुट्टी के बाद जब पिता बेटी को लेने स्कूल पहुंचे तो छात्रा नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस और एसओजी टीम उसकी तलाश में जुटी है।
पिता अनिल कुमार यादव के अनुसार, वह सुबह करीब 7:40 बजे बेटी को स्कूल छोड़कर आए थे। दोपहर में छुट्टी से पहले ही उसे लेने पहुंच गए, लेकिन छुट्टी होने के बाद भी बेटी बाहर नहीं आई।
स्कूल प्रबंधन के जवाब पर सवाल
परिजनों के मुताबिक, स्कूल स्टाफ की ओर से बताया गया कि छात्रा पीछे वाले गेट से निकल गई होगी। सीसीटीवी फुटेज में भी छात्रा दूसरे गेट से बाहर जाती दिखाई दी।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब स्कूल में रोजाना छात्र-छात्राएं मुख्य गेट से ही बाहर निकलते हैं, तो छात्रा दूसरे गेट से कैसे निकल गई? क्या स्कूल के अन्य गेटों पर निगरानी की व्यवस्था नहीं थी? छुट्टी के समय जिम्मेदार कर्मचारी कहां थे?
आखिर जवाबदेही किसकी?
स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? क्या छुट्टी के समय सभी गेटों की निगरानी की जा रही थी? यदि छात्रा दूसरे गेट से निकली तो इसकी जानकारी तत्काल क्यों नहीं हो सकी?
यह मामला केवल एक छात्रा के लापता होने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और जवाबदेही की जांच का भी विषय है।
पुलिस और एसओजी टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। परिजनों को छात्रा की सकुशल वापसी का इंतजार है।
सवाल पूछो, शोर नहीं।
बच्चों की सुरक्षा कोई औपचारिकता नहीं, स्कूल प्रबंधन की अहम जिम्मेदारी है। इस मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय होना जरूरी है।



