
धान उपार्जन में किसानों को किसी भी प्रकार की न हो परेशानी – कलेक्टर
खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया और बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था करें – कलेक्टर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज: खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान एवं मोटे अनाज के उपार्जन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपार्जन केंद्रों के निर्धारण, खरीदी संबंधी व्यवस्थाओं, बारदाने की उपलब्धता, परिवहन एवं धान के निराकरण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेयजल, छाया, शेड सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध रहें, ताकि किसानों को उपज विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों के सुचारु संचालन के लिए पात्र समितियों एवं केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने तथा सर्वेयरों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी केंद्रों की नियमित निगरानी के लिए नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति करने को कहा, जिससे उपार्जन कार्य की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मिलर्स को पुराने स्टॉक में रखे धान का त्वरित उठाव करने तथा एफसीआई में धान जमा कराने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही परिवहन व्यवस्था को प्रभावी बनाने और धान के उठाव एवं निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने की हिदायत दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, जिला आपूर्ति अधिकारी विवेक सिंह, उप आयुक्त सहकारिता, महाप्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जिला विपणन अधिकारी , जिला मुख्यालय के शाखा प्रबंधक, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम मऊगंज, अधीक्षक भू-अभिलेख मऊगंज तथा सचिव कृषि उपज मंडी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


