
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निराकरण – कलेक्टर
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करे – कलेक्टर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित मामलों को प्राथमिकता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करें। आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने अनुविभाग एवं तहसीलवार नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए दो से पांच वर्ष पुराने लंबित मामलों की एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरसीएमएस पोर्टल पर प्रकरणों की जानकारी एवं आदेश समय-सीमा में अपलोड करने तथा पंजीयन की जानकारी प्राप्त होते ही उसी दिन नामांतरण का प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। फौती नामांतरण के मामलों में पटवारी की रिपोर्ट 15 दिवस में प्रस्तुत करने को कहा। निर्धारित समय में कार्य नहीं करने वाले संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान राजस्व विभाग की शिकायतों में विभिन्न ब्लॉकों की कम रेटिंग पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें। शिकायतों का निराकरण केवल पोर्टल पर जवाब दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदकों की समस्याओं का वास्तविक एवं संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समय-सीमा में निराकरण करें। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक प्रकोप राहत, फार्मर रजिस्ट्री एवं भू-अर्जन अधिनियम के लंबित प्रकरणों की कलेक्टर ने समीक्षा की । उन्होंने भू-अर्जन से प्रभावित लोगों को नियमानुसार लाभ दिलाने तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता से निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।


