उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी ने विभिन्न मतदेय स्थलों का किया औचक निरीक्षण

प्रारूप-6 के आवेदनों को तत्काल पोर्टल पर अपलोड करने के दिए निर्देश, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना सर्वोच्च प्राथमिकता

विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी ने विभिन्न मतदेय स्थलों का किया औचक निरीक्षण

प्रारूप-6 के आवेदनों को तत्काल पोर्टल पर अपलोड करने के दिए निर्देश, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना सर्वोच्च प्राथमिकता

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष कैंप के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय दिबियापुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिबियापुर, श्री राधाबल्लभ इंटर कॉलेज फफूंद तथा प्राथमिक विद्यालय फफूंद द्वितीय पहुंचकर विशेष कैंप की व्यवस्थाओं एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु प्राप्त प्रारूप-6 के आवेदनों तथा अन्य दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ के पास उपलब्ध रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदनों का मिलान भी किया तथा निर्देश दिए कि नए मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए प्राप्त सभी प्रारूप-6 आवेदनों को बिना किसी विलंब के निर्वाचन आयोग के डिजिटल पोर्टल पर अपलोड किया जाए। आवेदन प्राप्त करने से लेकर उन्हें पोर्टल पर दर्ज करने तक की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 01 जनवरी 2027 को अथवा उससे पूर्व 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर तथा शिक्षण संस्थानों के माध्यम से पात्र युवाओं को चिह्नित करें और उनका मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कराएं, जिससे कोई भी पात्र युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी से वंचित न रहे।

उन्होंने मतदाता सूची में महिला-पुरुष अनुपात (जेंडर रेशियो) को बेहतर बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कोई भी पात्र महिला मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए। इस कार्य में आशा बहुओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का भी सहयोग लिया जाए, ताकि पात्र महिलाओं की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके तथा दोहरे नाम वाले मतदाताओं के संबंध में नियमानुसार सत्यापन एवं निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही नाम विलोपन की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने एवं हटाने की प्रत्येक कार्रवाई पूरी पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जाए, जिससे शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए। विशेष कैंपों के दौरान प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र मतदाताओं को पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का विशेष महत्व है। जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर बीएलओ के माध्यम से प्रारूप-6 भरकर आवेदन करें। इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल अथवा ECINET एप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अजीतमल, खंड शिक्षा अधिकारी भाग्यनगर, संबंधित मतदेय स्थलों के पदाभिहित अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी एवं आवेदनकर्ता सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button