प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

सिख समाज की सेवा भावना-परोपकार की परंपरा पूरे देश के लिए अनुकरणीय है : उप मुख्यमंत्री

सिख समाज की सेवा भावना-परोपकार की परंपरा पूरे देश के लिए अनुकरणीय है : उप मुख्यमंत्री

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

  रीवा . उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा स्थित सिंधु भवन में सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने श्री गुरुनानक देव जी के चित्र एवं पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम आरोग्य की मंगलकामना की। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने सभी को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि श्री गुरुनानक देव जी ने समाज को सत्य, प्रेम, करुणा, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का जो संदेश दिया है, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उनकी ‘इक ओंकार’ और ‘किरत करो, नाम जपो, वंड छको’ की शिक्षाएं हमें ईमानदारी से परिश्रम करने, ईश्वर का स्मरण करने और अपनी कमाई का हिस्सा जरूरतमंदों के साथ बांटने की प्रेरणा देती हैं। श्री शुक्ल ने कहा कि गुरुनानक देव जी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और भेदभाव को मिटाकर समरसता और समानता की नींव रखी। सिख समाज की सेवा भावना और परोपकार की परंपरा पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी को गुरु नानक देव जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। आयोजन समिति द्वारा उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान शब्द-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरुवाणी का श्रवण किया और लंगर प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button