
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवम्बर का प्रकाशित, 16 दिसंबर तक प्राप्त किए जाएंगे दावे एवं आपत्तियां
पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने तथा त्रुटियों के निराकरण में राजनीतिक दल सक्रिय सहयोग करें : जिला निर्वाचन अधिकारी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारिणी, दावे एवं आपत्तियों तथा राजनीतिक दलों की सहभागिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार करना भारत निर्वाचन आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए निर्वाचन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जाना आवश्यक है।
उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव एवं सहयोग प्रदान करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण किया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान की समय-सारिणी की जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। इसके उपरांत 16 दिसम्बर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा तथा 04 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के अंतर्गत 28 एवं 29 नवम्बर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्य संपादित करेंगे। अभियान को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारियों की तैनाती के साथ ही मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से ऐसे युवा नागरिकों, जो 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, तथा ऐसी महिला मतदाताओं, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, के फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नए बूथों के अनुसार सभी राजनीतिक दल अपने बीएलए नियुक्त कर उनकी सूची उपलब्ध कराएं तथा फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 भरवाने में बीएलओ का सहयोग करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद की आधिकारिक वेबसाइट auraiya.nic.in पर प्रतिदिन फॉर्म-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी अपलोड किए जा रहे हैं। इन प्रपत्रों की स्थिति एवं संबंधित जानकारी के लिए https://auraiya.nic.in/deo-auraiya/ पर जाकर अवलोकन किया जा सकता है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करने तथा मतदाता सूची को अधिकाधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उक्त के उपरांत सभी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा एवं प्रशिक्षण केंद्र पर पहुंचकर ई वी एम के माध्यम से मतदान संबंधी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा ई वी एम पर अपने इच्छित बटन को दबाकर प्रक्रिया पूर्ण की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद, उप जिलाधिकारी न्यायिक/प्रभारी अधिकारी निर्वाचन दिव्या सिकरवार, वरिष्ठ कोषाधिकारी, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमर चंद्र राठौर, बसपा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र दोहरे, सीपीआई जिला कमेटी सदस्य हरिश्चंद्र, अपना दल जिलाध्यक्ष दीपक राठौर, कांग्रेस पार्टी जिला कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


