
जनप्रतिनिधि इच्छाशक्ति और समन्वय से क्षेत्र का कर सकते हैं सर्वांगीण विकास : सिद्धार्थ शिरोळे
बाबूराव शेवाळे अस्पताल में कैंसर डायग्नोस्टिक सपोर्ट सेंटर का भूमिपूजन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे। जनप्रतिनिधि यदि आत्मीयता, सुनियोजित तरीके और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तो क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है। औंध-बोपोडी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने आपसी तालमेल और सामूहिक प्रयासों से इसका अच्छा उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह बात विधायक सिद्धार्थ शिरोळे ने कही।
बाबूराव शेवाळे अस्पताल में प्रस्तावित कैंसर डायग्नोस्टिक सपोर्ट सेंटर का भूमिपूजन विधायक सिद्धार्थ शिरोळे की प्रमुख उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपमहापौर परशुराम वाडेकर, नगरसेवक सनी निम्हण, नगरसेविकाएं सपना छाजेड और भक्ति गायकवाड़, स्वास्थ्य अधिकारी नीना बोराडे, डॉ. झिम्रा इस्राएल, पूर्व उपमहापौर सुनीता वाडेकर, आरपीआई के शिवाजीनगर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अविनाश कदम, प्रियंका मेहरा, विलास जाधव सहित महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक शिरोळे ने औंध-बोपोडी क्षेत्र के तीन अस्पतालों का आधुनिकीकरण कर नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों की जरूरतों को देखते हुए यहां ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की भी आवश्यकता है। सभी नगरसेवकों द्वारा सामूहिक नेतृत्व और आपसी समन्वय से विकास कार्य किए जाने के कारण क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव हो रहा है।
उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने कहा कि इस क्षेत्र में स्थापित होने वाला कैंसर डायग्नोस्टिक सपोर्ट सेंटर विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के नागरिकों के लिए राहतकारी साबित होगा। क्षेत्र की यातायात समस्या के समाधान के लिए फ्लाईओवर और अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम सहित कई विकास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड के विकास कार्यों के लिए 54 करोड़ रुपये की निधि मंजूर की गई है।
डॉ. झिम्रा इस्राएल ने बताया कि परशुराम वाडेकर और उनके सहयोगियों की पहल से तैयार होने वाले इस केंद्र में कैंसर की जांच और उपचार की सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य अधिकारी मीना बोराडे ने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली को समझते हुए अनावश्यक आक्रामक रुख अपनाने के बजाय आपसी समन्वय से भी बेहतर कार्य किया जा सकता है। औंध-बोपोडी के नगरसेवकों ने इसे साबित किया है। सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से क्षेत्र में मरीजों की सेवा से जुड़े कार्य प्रभावी ढंग से किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट ज्ञानेश्वर जावीर ने किया, जबकि पूर्व उपमहापौर सुनीता वाडेकर ने आभार व्यक्त किया।



