उत्तर प्रदेशप्रशासनलखनऊ

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी राज्यों की सहभागिता आवश्यक :मंत्री श्री ए.के. शर्मा

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी राज्यों की सहभागिता आवश्यक :मंत्री श्री ए.के. शर्मा

वाइब्रेंट गुजरात केवल गुजरात की नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत की विकास यात्रा है :नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री

 

 

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान लखनऊ, उत्तर प्रदेश 

 

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने गुरुवार को लखनऊ स्थित हिल्टन होटल में आगामी 10 से 12 जनवरी, 2027 तक आयोजित होने वाले ‘वाइब्रेंट गुजरात-2027’ के दृष्टिगत आयोजित रोड-शो एवं निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर गुजरात सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री श्री रमनभाई सोलंकी की उपस्थिति में उन्होंने उद्योगपतियों, उद्यमियों एवं निवेशकों को संबोधित करते हुए गुजरात की विकास यात्रा तथा उत्तर प्रदेश में निवेश की अपार संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

 

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की वर्ष 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए देश के सभी राज्यों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। प्रत्येक राज्य की अपनी विशिष्ट क्षमताएं, संसाधन एवं संभावनाएं हैं। इनका समन्वित उपयोग करते हुए राज्यों के बीच आर्थिक, औद्योगिक एवं तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देकर विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात केवल गुजरात का आयोजन नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत की आर्थिक समृद्धि और विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

 

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि गुजरात की उद्यमशीलता, औद्योगिक संस्कृति और उत्तर प्रदेश की व्यापक आर्थिक संभावनाओं का समन्वय देश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है। उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, युवाओं, श्रमशक्ति और निवेश से विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात में उत्तर प्रदेश केवल भागीदार नहीं, बल्कि विकास यात्रा का सारथी है। गुजरात की लीडरशिप और उत्तर प्रदेश की पार्टनरशिप विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

श्री शर्मा ने गुजरात में अपने प्रशासनिक कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उन्हें वाइब्रेंट गुजरात के शुरुआती आयोजनों के संचालन एवं आयोजन की जिम्मेदारी निभाने का अवसर प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए निवेशकों को विश्वास, सुरक्षा, सुविधाएं और नीतिगत सहयोग प्रदान कर गुजरात को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया। गुजरात की उद्यमशीलता और औद्योगिक विकास का अनुभव अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायी है।

 

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश का नया दौर प्रारंभ हुआ है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था, सड़क, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सीवरेज, परिवहन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। प्रदेश सरकार की निवेशपरक नीतियों और बेहतर औद्योगिक वातावरण से उद्यमियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुले हैं।

 

मंत्री श्री शर्मा ने उद्यमियों एवं निवेशकों का आह्वान करते हुए कहा कि गुजरात से उद्यमशीलता सीखें और उत्तर प्रदेश में निवेश कर अपने व्यवसाय को विस्तार दें। प्रदेश सरकार उद्योगों की स्थापना, संचालन एवं विस्तार के लिए हर स्तर पर सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। निवेश और औद्योगिक विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा युवाओं की प्रतिभा और क्षमता का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण किसी एक राज्य के प्रयासों से नहीं, बल्कि सभी राज्यों की सामूहिक शक्ति, आपसी सहयोग और समन्वित प्रयासों से संभव होगा। राज्यों के बीच विकास के अनुभवों, तकनीक, नवाचार एवं निवेश का आदान-प्रदान देश की अर्थव्यवस्था को और सुदृढ़ बनाएगा। गुजरात और उत्तर प्रदेश की आर्थिक एवं औद्योगिक साझेदारी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

कार्यक्रम में यूपी नेडा के निदेशक श्री रविंद्र कुमार, गुजरात एवं उत्तर प्रदेश सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योगपति, उद्यमी एवं निवेशक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button