
संविधान दिवस पर इटावा पुलिस ने ली शपथ, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । संविधान दिवस के अवसर पर इटावा पुलिस ने भारतीय संविधान के आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों को आत्मसात करने के साथ देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों, नागरिकों के कर्तव्यों और विधि के शासन के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
एसएसपी ने संविधान दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए संदेश दिया कि भारतीय संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता का आधार है। पुलिस बल का दायित्व है कि संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करे।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती बबीता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध श्री संतोष कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री श्रीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी नगर श्री अवनीश सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इटावा पुलिस ने दोहराई प्रतिबद्धता
इटावा पुलिस ने संविधान की गरिमा, कानून के शासन, निष्पक्ष पुलिसिंग और जनसेवा के मूल मंत्र के साथ नागरिकों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराया।



