प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

सीतामढ़ी में जिला स्तरीय बाल दरबार का आयोजन,

किशोर-किशोरियों ने समूह चर्चा के माध्यम से तैयार किया मांग-पत्र

सीतामढ़ी में जिला स्तरीय बाल दरबार का आयोजन,

 

किशोर-किशोरियों ने समूह चर्चा के माध्यम से तैयार किया मांग-पत्र

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान सीतामढ़ी बिहार 

सीतामढ़ी। समाज कल्याण विभाग, यूनिसेफ, प्रथम संस्था एवं जिला प्रशासन, सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में जिला पंचायत संसाधन केंद्र, डुमरा के सभागार में जिला स्तरीय बाल दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिहार, सुरसंड, परसौनी एवं डुमरा प्रखंड की चिन्हित पंचायतों से आए किशोर-किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान किशोर-किशोरियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर शिक्षा, बाल संरक्षण, बाल विवाह उन्मूलन, कौशल विकास, खेलकूद एवं सामुदायिक सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कराई गई। समूह चर्चा के उपरांत बच्चों ने अपनी आवश्यकताओं, समस्याओं एवं अपेक्षाओं को शामिल करते हुए एक मांग-पत्र तैयार किया। इसके माध्यम से संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन से बच्चों के हित में आवश्यक पहल करने की मांग रखी गई। इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी श्री सुभाष चंद्र राजकुमार ने किशोर-किशोरियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए बच्चों को बेझिझक अपनी बात रखने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में शामिल सभी किशोर-किशोरियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर किशोरियों ने जिला कल्याण पदाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया। वहीं, डीपीएम एजाजुल अंसारी के समक्ष किशोर-किशोरियों ने अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। किशोरी स्तुति ने बताया कि विद्यालयों की व्यवस्था में पहले की तुलना में सुधार हुआ है, लेकिन इसे और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। अंशुप्रिया, नेहा एवं प्रिया दत्त ने बाल विवाह के विरुद्ध पंचायत एवं वार्ड स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। वहीं, रानी, मुस्कान एवं संध्या ने किशोरियों के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। प्रिंस एवं नितेश ने पंचायत स्तर पर पुस्तकालय की स्थापना तथा खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।यूनिसेफ व प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार ने बताया कि बाल दरबार किशोर-किशोरियों को अपनी बात रखने, समस्याओं को साझा करने तथा स्थानीय विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की आवाज को संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन तक पहुंचाना तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सकारात्मक पहल सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान तैयार मांग-पत्र को संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में मोनेटरिंग एवं इवैल्यूशन समन्वयक मिताली, प्रखंड समन्वयक बीरेंद्र कुमार, नवीन कुमार, मुकेश पासवान, हरिशंकर कुमार, विकास मित्र अवधेश राम, ललन बैठा, गणेश राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button