इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

मंडलायुक्त महोदय ने सीएम डैशबोर्ड एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा कर जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के दिए निर्देश

मंडलायुक्त महोदय ने सीएम डैशबोर्ड एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा कर जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के दिए निर्देश

 

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य रूप से संपर्क करें अधिकारी – मंडलायुक्त 

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा : मंडलायुक्त, कानपुर मंडल, कानपुर श्री एस. राजलिंगम जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न योजनाओं की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति में सुधार लाते हुए जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करें।

पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा में जनपद की रैंक 5/10 एवं ग्रेड-सी पाए जाने पर मंडलायुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि ऐसे लाभार्थियों को चिन्हित किया जाए, जिन्होंने होम लोन लिया है तथा जिनके विद्युत कनेक्शन 5 किलोवाट के हैं। ऐसे उपभोक्ताओं का विद्युत बिल अधिक होने की संभावना रहती है, इसलिए उनसे संपर्क कर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे निर्धारित लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में जनपद की रैंक 7/10 एवं ग्रेड-बी होने पर उन्होंने कहा कि इस योजना में सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि उसकी लापरवाही के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो।

जननी सुरक्षा योजना में जनपद की रैंक 4/10 एवं ग्रेड-सी पाए जाने पर मंडलायुक्त महोदय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पीलीभीत और अन्य जनपद में इस योजना में बेहतर प्रगति हो चुकी है, जबकि जनपद में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद रैंकिंग में सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना की प्रगति की समीक्षा कर रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए।

फैमिली आईडी योजना में सी ग्रेड है की समीक्षा में उन्होंने अधिकारियों को छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।

पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजना में जनपद की रैंक 6/10 एवं ग्रेड-बी, आईसीडीएस पोषण अभियान में रैंक 4/10 एवं ग्रेड-सी, लोक निर्माण विभाग की नई सड़क योजना में रैंक 3/10 एवं ग्रेड-सी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में रैंक 7/10 एवं ग्रेड-बी तथा समाज कल्याण छात्रवृत्ति योजना में रैंक 7/10 एवं ग्रेड-बी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति में सुधार करने के निर्देश दिए।

समाज कल्याण छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा में उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद कार्य प्रक्रिया पहले की अपेक्षा सरल हुई है। अब विभागीय अधिकारियों को नियमित बैठक एवं समीक्षा के माध्यम से योजना की प्रगति सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी समय से कार्यवाही करें, जिससे जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।

सिंचाई विभाग की सिल्ट सफाई योजना में जनपद की रैंक 3/10 एवं ग्रेड-सी पाए जाने पर मंडलायुक्त महोदय ने डेटा एंट्री की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गलत डेटा एंट्री के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होती है, इसलिए संबंधित अधिकारी डेटा का सत्यापन अवश्य करें।

निर्माण कार्यों की समीक्षा में जनपद की रैंक 5/10 एवं ग्रेड-सी पाए जाने पर मंडलायुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि जिन विभागों की परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें सीएम डैशबोर्ड पर तत्काल अपडेट किया जाए, जिससे जनपद की वास्तविक प्रगति परिलक्षित हो सके।

मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि जनपद में उनका यह पहला भ्रमण है। जनपद की रैंकिंग में सुधार के लिए सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि मेहनत एवं नियमित समीक्षा के माध्यम से जनपद की रैंकिंग में बेहतर सुधार किया जा सकता है। डेटा एंट्री ऑपरेटरों के भरोसे बैठने के बजाय अधिकारी स्वयं भी प्रत्येक माह की 25 से 30 तारीख के बीच डैशबोर्ड पर उपलब्ध आंकड़ों का परीक्षण करें तथा त्रुटियों को समय से ठीक कराएं।

आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतकर्ता अपनी समस्या के समाधान के लिए काफी मेहनत करता है, इसलिए शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क करें तथा उसकी समस्या को समझकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर आख्या अपलोड करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से शिकायतों को बिना वास्तविक निस्तारण के स्पेशल क्लोज न किया जाए।

समीक्षा में समाज कल्याण विभाग की 24 शिकायतों में से 18 शिकायतकर्ताओं से संपर्क न किए जाने तथा जिला पंचायत राज अधिकारी से संबंधित 18 शिकायतों में से 12 शिकायतकर्ताओं से संपर्क न किए जाने पर मंडलायुक्त महोदय ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं से संपर्क करने में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से संपर्क एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने से जनपद की रैंकिंग में सुधार होगा।

जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से नोट कर लें। जिन विभागों का डेटा सही नहीं है, वे तत्काल डेटा का परीक्षण कर उसे सही करें। जिन योजनाओं एवं कार्यों में कमियां पाई गई हैं, उनमें समयबद्ध कार्यवाही करते हुए प्रगति सुनिश्चित की जाए।

इसके उपरांत मंडलायुक्त द्वारा जनपद में संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें कारागार में कराए जा रहे निर्माण कार्य, स्वच्छता एवं नगरीय विकास से संबंधित कार्य, 50 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक, 300 बेडेड गायनी ब्लॉक, क्राइम तथा प्रशासनिक भवन का निर्माण, महेवा एवं ग्राम इगुरी में सामुदायिक केंद्र सहित जनपद के अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त  ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। निर्माण कार्यों में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मैनपावर लगाकर कार्य की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराए जाएं तथा कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो और निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण कर जनसामान्य को उसका लाभ उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, सामाजिक निदेशक वानिकी अभिषेक अजित इनामदार, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, ए0आर0टी0ओ हुमा परवीन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button