जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत बीएलए नियुक्ति एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर बीएलए की नियुक्ति के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 17 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान की तिथियां 28 नवंबर एवं 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई हैं। इन विशेष अभियानों के दौरान बीएलओ अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, संशोधन कराने तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगे।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से यह भी अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के अनुसार बी एल ए की नियुक्ति कर उसकी सूची तत्काल उपलब्ध कराएं तथा नियुक्त बीएलए को निर्देशित करें कि वे अपने क्षेत्र में छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के प्रारूप-6 भरवाने में सक्रिय सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनः अपील की कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आयोग द्वारा अनुमोदित मतदेय स्थलों के अनुसार अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति कर उनकी सूची तत्काल उपलब्ध कराएं।
बैठक के अंत में उपस्थित समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं प्रभारी अधिकारी निर्वाचन दिव्या सिकरवार, मंडल महामंत्री भाजपा औरैया अनुराग दीक्षित, जिला महासचिव अपना दल संजय राठौर, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी सर्वेश बाबू गौतम, कार्यालय प्रभारी समाजवादी पार्टी रवीन्द्र राठौर, जिला सचिव भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस शोभित त्रिपाठी, मंडल प्रभारी बहुजन समाज पार्टी अजीत गौतम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रावेन्द्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

