दिल्लीविजनेस

छह नए यूरिया संयंत्र, 54,000 करोड़ रुपये का निवेश और आत्मनिर्भरता की मुहिम एफएआई सेमिनार 2026 के केंद्र में

नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत के प्रमुखों ने एक साझा रोडमैप पर सहमति जताई। इसमें यूरिया क्षेत्र में सुधार, फॉस्फेट और पोटाश (पीएंडके) उर्वरकों का घरेलू उत्पादन बढ़ाने, वैश्विक स्तर पर आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाने तथा छोटे और सीमांत किसानों के हितों की रक्षा करने पर जोर दिया गया

छह नए यूरिया संयंत्र, 54,000 करोड़ रुपये का निवेश और आत्मनिर्भरता की मुहिम एफएआई सेमिनार 2026 के केंद्र में

नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत के प्रमुखों ने एक साझा रोडमैप पर सहमति जताई। इसमें यूरिया क्षेत्र में सुधार, फॉस्फेट और पोटाश (पीएंडके) उर्वरकों का घरेलू उत्पादन बढ़ाने, वैश्विक स्तर पर आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाने तथा छोटे और सीमांत किसानों के हितों की रक्षा करने पर जोर दिया गया

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान नई दिल्ली 

नई दिल्ली, : भारत के उर्वरक क्षेत्र ने पोषक तत्वों और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में स्पष्ट रणनीति तय की है। नई दिल्ली में फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) का 62वां वार्षिक सेमिनार 2026 संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन की थीम ‘सतत कृषि के लिए उर्वरकों के भविष्य को सुरक्षित करना’ थी। इसमें वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, वैज्ञानिकों, करीब 26 देशों के 117 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के दिग्गजों और वैश्विक प्रौद्योगिकी आपूर्तिकर्ताओं सहित 1,800 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान वैश्विक आपूर्ति में बाधाओं और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच उर्वरकों की उपलब्धता, किफायती कीमत और टिकाऊ आपूर्ति सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा हुई।

 

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा, “भारत ने उर्वरकों की आपूर्ति के मामले में एक कठिन दौर का सामना किया है और सरकार तथा उद्योग ने मिलकर इस चुनौती से पार पाया। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और उद्योग जगत के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं। किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराए गए और कीमतों को नियंत्रित रखा गया। यूरिया की कीमत 266.6 रुपये प्रति बोरी रही, जबकि डीएपी पर करीब 3,000 रुपये प्रति बोरी की सब्सिडी दी गई। पिछले एक दशक में छह नए संयंत्र स्थापित किए गए हैं और छह और संयंत्र लगाने की योजना है। इसके लिए 54,000 करोड़ रुपये के निवेश की परिकल्पना की गई है। उर्वरकों की उपलब्धता और उन्हें किफायती बनाए रखने का सिलसिला जारी रहेगा।”

 

 

 

भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के उर्वरक विभाग के सचिव रजत कुमार मिश्रा ने कहा, “वैज्ञानिक उपायों, उद्योग की क्षमताओं और किसानों द्वारा नई तकनीकों को अपनाने के कारण वर्षों के दौरान भारत का कृषि उत्पादन उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। उर्वरक खरीदने वालों में 87 प्रतिशत छोटे और सीमांत किसान हैं। ऐसे में उर्वरक उद्योग की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि उन्हें किफायती दरों पर समय से और भरोसेमंद तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराए। आपूर्ति शृंखला को मजबूत करना और प्रभावी निगरानी व्यवस्था के जरिये सब्सिडी वाले उर्वरकों की समय पर लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करना किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समृद्धि के साथ भारत की खाद्य सुरक्षा मजबूत करने के लिए जरूरी होगा।”

 

 

 

एफएआई के चेयरमैन और कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ एस. शंकरसुब्रमणियन ने कहा, “सरकार की मजबूत नीतिगत प्रतिबद्धता और निवेश को बढ़ावा देने वाले कदमों से भारत उर्वरकों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। हाल में घोषित 54,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत निवेश से छह नए यूरिया संयंत्र लगाने की योजना और फॉस्फेट उर्वरकों तथा मध्यवर्ती उत्पादों की प्रस्तावित उत्पादन क्षमता भारत को उर्वरकों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन पहलों से घरेलू उपलब्धता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और किसानों को भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं तथा वैश्विक आपूर्ति संबंधी झटकों से बचाने में मदद मिलेगी। वहीं, सब्सिडी से पोषक तत्वों की कीमतें किफायती बनी रहेंगी। एफएआई के वार्षिक सेमिनार 2026 ने आत्मनिर्भरता बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा मजबूत करने, टिकाऊ विनिर्माण और जिम्मेदार विपणन को प्रोत्साहित करने तथा उर्वरक क्षेत्र की मजबूती के लिए सुदृढ़ आपूर्ति शृंखला तैयार करने के मुद्दों पर नीति-निर्माताओं और उद्योग जगत के बीच सार्थक संवाद का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया।”

 

 

 

एफएआई के महानिदेशक डॉ. सुरेश कुमार चौधरी ने कहा, “भारत की जीडीपी में कृषि का योगदान करीब 18 प्रतिशत है और कृषि की प्रगति में उर्वरकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। लेकिन वैश्विक अनिश्चितता, क्षेत्रीय संघर्ष और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव इस पूरी आपूर्ति शृंखला पर दबाव डाल रहे हैं। भारत अब भी आयात पर निर्भर है। इसलिए आयात की रणनीतिक योजना बनाने के लिए वैश्विक बाजारों और कीमतों के रुझानों की बेहतर जानकारी जरूरी है। आपूर्ति सुनिश्चित करने और भारत के उर्वरक क्षेत्र को अधिक मजबूत बनाने के लिए हमें संसाधन संपन्न देशों के साथ संयुक्त उपक्रम और साझेदारियां भी विकसित करनी होंगी।”

चार सत्र, एक राष्ट्रीय एजेंडा

सत्र-1 : पोषक तत्वों की सुरक्षा के लिए उर्वरक नीति

इस सत्र की अध्यक्षता उर्वरक विभाग की अतिरिक्त सचिव अपर्णा एस. शर्मा ने की।

सत्र-2 : खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना

इस सत्र की सह-अध्यक्षता पीपीवीएंडएफआरए के अध्यक्ष डॉ. त्रिलोचन महापात्र और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डीएआरई) के सचिव तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट ने की।

सत्र-3 : टिकाऊ उर्वरक उत्पादन

इस सत्र की अध्यक्षता कृभको के प्रबंध निदेशक आर.के. चोपड़ा ने की।

सत्र-4 : उर्वरक विपणन में बदलता परिदृश्य

इस सत्र की अध्यक्षता इफको के प्रबंध निदेशक के.जे. पटेल ने की।

प्रमुख निष्कर्ष

आत्मनिर्भरता: 54,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत निवेश से छह नए यूरिया संयंत्र लगाए जाएंगे। इसके साथ फॉस्फेट उर्वरकों और मध्यवर्ती उत्पादों की प्रस्तावित उत्पादन क्षमता से घरेलू उपलब्धता बढ़ेगी और किसानों को आपूर्ति संबंधी झटकों से बचाने में मदद मिलेगी।

आपूर्ति शृंखला की मजबूती: दुनियाभर में कच्चे माल की आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाना, आयात की रणनीतिक योजना बनाना और संसाधन संपन्न देशों के साथ साझेदारी करना प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में उभरा।

किसान सर्वोपरि: उर्वरक खरीदने वाले अधिकांश किसान छोटे और सीमांत हैं। इसलिए उन्हें किफायती दरों पर समय से उर्वरक उपलब्ध कराने और सब्सिडी वाले उर्वरकों की लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मजबूत निगरानी व्यवस्था पर जोर दिया गया।

हरित और टिकाऊ बदलाव: चर्चा में हरित उर्वरकों को लेकर बदलती वैश्विक नीतियों, टिकाऊ विनिर्माण और जिम्मेदार विपणन की जरूरत पर विचार किया गया।

महत्वपूर्ण प्रकाशन: एफएआई ने ‘फर्टिलाइजर स्टैटिस्टिक्स 2025-26’, ‘स्पेशियलिटी फर्टिलाइजर एंड माइक्रोन्यूट्रिएंट स्टैटिस्टिक्स 2025-26’, ‘द फर्टिलाइजर (कंट्रोल) ऑर्डर 1985’ और ‘समृद्ध धरती’ नामक संकलन जारी किया।

सेमिनार का संदेश स्पष्ट है। भारत की खाद्य सुरक्षा इस बात पर निर्भर करेगी कि देश घरेलू उत्पादन क्षमता कितनी मजबूत करता है, वैश्विक आपूर्ति कितनी सुरक्षित बनाता है और किसानों को कितनी प्राथमिकता देता है। सरकार और उद्योग जगत के साझा प्रयासों से उर्वरक क्षेत्र अब चर्चा से आगे बढ़कर इन योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए तैयार है, ताकि भारत में उर्वरकों की उपलब्धता, टिकाऊ उत्पादन और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित की जा सके।

एफएआई ने इस दौरान पुरस्कारों के जरिये उर्वरक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को भी सम्मानित किया। इन पुरस्कारों में उत्पादन प्रदर्शन, तकनीकी नवाचार, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल खेती, जैविक और प्राकृतिक उर्वरकों को बढ़ावा देने, सूक्ष्म पोषक तत्वों के विपणन, कृषि तकनीक के हस्तांतरण और रचनात्मक संचार के क्षेत्र में उपलब्धियों को मान्यता दी गई।

फोटो कैप्शन: (बाएं से) डॉ. सुरेश कुमार चौधरी, महानिदेशक, एफएआई; एस. शंकरसुब्रमण्यम, अध्यक्ष, एफएआई; जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, भारत सरकार; अपर्णा एस. शर्मा, अपर सचिव, उर्वरक विभाग, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय, भारत सरकार; और डॉ. सिबा प्रसाद महंती, सह-अध्यक्ष, एफएआई।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button