इस दीवाली करे किसी जरूरतमंत बच्चे का जीवन रोशन
बढ़ाये अपना हाथ और दे नई मुस्कान
रीवा: जिले में कोरोना महामारी एवं अन्य कारणों से कई बच्चों के ऊपर से उनके माता-पिता का साया हमेशा के लए उठ चुका है। दु:ख की इस घड़ी में इन बच्चों के समक्ष पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कैरियर जैसी विभिन्न चुनौतियां है। इस कठिन परिस्थिति में जिला प्रशासन ऐसे बच्चों की देखरेख एवं संरक्षण हेतु दृढ़-संकल्पित है। यह संकल्प तभी फलीभूत होगा जब समाज का प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे एवं आगे आकर बच्चों की मदद में सहभागी बनें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि जिले में अभी तक 100 ऐसे बच्चों का चिन्हांकन किया गया है जो अपने माता-पिता/अभिभावक की मृत्यु होने से जोखिम पूर्ण परिस्थिति में आ गए है। उक्त बच्चों को सामुदायिक सहयोग से प्राप्त निजी स्पॉन्सरशिप के माध्यम से 2 हजार रूपये का भुगतान प्रतिमाह किया जा रहा है। जो कि आगामी एक वर्ष तक जारी रहेगा। श्रीमती पाण्डेय ने अधिक से अधिक बच्चों को सुरक्षित एवं शिक्षित जीवन प्रदान करने के लिए जिलेके समस्त प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों, व्यवसायियों/उद्योगपत्तियों, शासकीय अधिकारी/कर्मचारी आदि से अपील है कि बच्चों के शिक्षा/स्वास्थ्य/पोषण/अन्य विकासात्मक जरूरतों की पूर्ति हेतु निजी स्पॉन्सरशिप में अपना सहयोग दें साथ ही आपके आसपास यदि कोई ऐसा बच्चा है जिसे देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता है तो प्रशासन को तत्काल सूचित करें। आपके द्वारा इस पुनीत कार्य में किया गया छोटा सा सहयोग इस दीवाली किसी के घर को खुशियों से रोशन कर सकता है, इस दीवाली किसी बच्चे के चेहरे की मुस्कान बन सकता है, आपका सहयोग किसी बच्चे के जीवन में रोशनी एवं आशा की किरण का संचार कर सकता है। सहयोग के लिये भारतीय रेडक्रास सोसायटी रीवा के स्पांसरशिप हेड के आईडीबीआई बैंक के खाता क्रमांक 0423104000301862 आईएफएससी कोड आईबीकेएल0000423 में सहयोग राशि प्रदान की जा सकती है। योजना या सहयोग राशि प्रदान करने के संबंध में अधिक जानकारी के लिये महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय नवीन कलेक्ट्रेट भवन प्रथम तल कक्ष क्रमांक-4 में संपर्क किया जा सकता है।
