सभा तथा नुक्कड़ सभा के लिए एसडीएम स्थान तय कर देंगे अनुमति
रीवा: मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रीवा जिले में तीन चरणों में पंचायतराज संस्थाओं का आम निर्वाचन संपन्न होगा। प्रथम चरण में जिले के हनुमना, मऊगंज तथा नईगढ़ी विकासखण्ड, दूसरे चरण में रीवा, रायपुर कर्चुलियान एवं गंगेव विकासखण्ड तथा तीसरे चरण में सिरमौर, जवा एवं त्योंथर विकासखण्ड में पंचायतराज संस्थाओं का निर्वाचन कराया जाएगा। प्रथम तथा दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रत्र 13 दिसम्बर से निर्धारित स्थलों में दाखिल किए जा सकेंगे। तीसरे चरण के लिए नामांकन पत्र 30 दिसम्बर से दाखिल किए जा सकेंगे।
त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन के दौरान लोक शांति और कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव के प्रचार-प्रसार हेतु राजनैतिक दलों और उम्मीदवारों द्वारा सभाएं तथा नुक्कड़ सभाएं किए जाने के संबंध में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा आदेश जारी किया गया है। यह आदेश दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार उम्मीदवारों द्वारा चुनाव प्रचार के लिए सभा तथा नुक्कड़ सभा करने के लिए स्थान का निर्धारण संबंधित क्षेत्र के एसडीएम करेंगे। एसडीएम की लिखित अनुमति के बाद ही सभा तथा नुक्कड़ सभा की जा सकेगी। इन सभाओं तथा नुक्कड़ सभाओं में किसी भी प्रकार के स्टेज तथा टेंट की व्यवस्था नहीं की जाएगी। उम्मीदवार नुक्कड़ सभाओं में रिक्शा तथा ऑटो रिक्शा में लाउड स्पीकर लगाकर चुनाव प्रचार कर सकते हैं। राजनैतिक दल तथा उम्मीदवार को नुक्कड़ सभा एवं लाउड स्पीकर उपयोग की लिखित अनुमति संबंधित एसडीएम से लेना अनिवार्य होगा। अनुमति की एक प्रति संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफीसर तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।
सभा तथा नुक्कड़ सभा के आयोजन और राष्ट्रीय अथवा राज्य स्तरीय नेताओं के चुनाव प्रचार की सभा के आयोजन के लिए चार दिवस पूर्व आवेदन पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। राजनैतिक दलों तथा उम्मीदवारों के निर्वाचन आयोग द्वारा नामांकन सूची में शामिल स्टार प्रचारकों के मामले में यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। यदि उम्मीदवार किसी भूमि स्वामी की भूमि पर सभा करना चाहते हैं तो उसे निर्धारित राशि अदा कर तथा एसडीएम से अनुमति प्राप्त कर ही सभा कर सकेंगे। प्रत्येक मैदान में एक उम्मीदवार को दो-दो घंटों के ब्लॉक में सभा करने की अनुमति दी जाएगी। दो सभाओं के बीच में कम से कम एक घंटे का अंतर रहना आवश्यक है। सभाओं की अनुमति चुनाव प्रचार समापन तक के लिए ही मान्य होगी।
जारी आदेश के अनुसार यदि एक स्थान के लिए एक ही दिनांक को एक ही समय के लिए एक से अधिक उम्मीदवारों द्वारा सभा के लिए आवेदन दिया जाता है तो सबसे पहले आवेदन करने वाले को अनुमति प्रदान की जाएगी। चुनाव सभा तथा नुक्कड़ सभा में सभा के आयोजन में निर्वाचन की आदर्श आचरण संहिता एवं कोविड गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा। सभा में यदि लाउडस्पीकर का उपयोग किया जाना है तो उसकी सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना आवश्यक होगा। सभा के लिए जारी अनुमति बिना पूर्व सूचना के किसी भी समय निरस्त की जा सकेगी। इस आदेश की वर्तमान परिस्थितियों में व्यक्तिगत तामीली कराया जाना संभव नहीं है इसलिए यह आदेश एक पक्षीय पारित किया जा रहा है। पिं्रट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक तथा सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी आमजनता को दी जा रही है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध भारतीय दण्ड विधान की धारा 188 एवं आयुध अधिनियम 1959 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।
