विशाल समाचार टीम रीवा
रीवा: पंचायत आम चुनाव के संबंध में जिला स्तरीय नोडल अधिकारी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी सौंपे गये उत्तर दायित्व के अनुसार निर्वाचन का कार्य करें। पंचायत चुनाव का कार्य संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से करें। अपने सहायक अधिकारियों तथा कर्मचारियों से मिलकर सौंपे गये कार्य की पूरी कार्ययोजना बनाकर समय सीमा में समस्त कार्यवाहियां सुनिश्चित करें। सौंपे गये कार्य के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के निर्देशों का पूरी तरह से पालन करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पंचायत निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी अधिकारी तथा कर्मचारी का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जायेगा। केवल विशेष परिस्थितियों में अवकाश मंजूर होगा। गंभीर बीमारी की स्थिति में जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा जांच कराकर अनुशंसा के बाद ही अवकाश दिया जायेगा। पंचायत चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे। प्रथम तथा द्वितीय चरण के लिए नामांकन पत्र 13 दिसंबर से भरे जायेंगे। तीसरे चरण के लिए नामांकन पत्र 30 दिसंबर से भरे जायेंगे। नामांकन पत्र प्राप्त करने के लिए जिला स्तर, रिटर्निंग आफीसर स्तर तथा क्लस्टरों में आवश्यक प्रबंध कर लें। जिला पंचायत सदस्य तथा जनपद पंचायत सदस्य का निर्वाचन ईव्हीएम से होगा। सरपंच एवं पंच पदों का निर्वाचन मत एवं मत पेटी से होगा। ईव्हीएम के संबंध में समस्त तैयारी कर लें।
बैठक में कलेक्टर ने मतदान दलों के गठन, मतदान साम्रगी के वितरण, स्ट्रांग रूम निर्माण, मतगणना तथा सारणीकरण की व्यवस्था, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के संबंध में अधिकारी को निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि नोडल अधिकारी मतदाता जागरूकता मतदान के संबंध में रैली, दीवार लेखन, नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां आयोजित करें। मतदाता जागरूकता से संबंधित सामग्री सोशल मीडिया पर लगातार अपलोड करायें। मतदान दलों के प्रशिक्षण के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि प्रथम चरण का पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी क्रमांक-एक का प्रथम चरण का प्रशिक्षण जिला स्तर पर आयोजित किया जायेगा। दूसरे चरण का प्रशिक्षण विकासखण्ड स्तर पर होगा। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी सभी केन्द्रों में प्रशिक्षण की आवश्यक व्यवस्था करायें। प्रशिक्षण से जुड़े वीडिया एवं आडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करायें।
बैठक में सेक्टर व मजिस्ट्रेट तथा जोनल अधिकारियों की तैनाती, शिकायतो के निराकरण मतदान, कम्युनिकेशन प्लान बनाने, परिवहन व्यवस्था, निर्वाचन संबंधी प्रचार प्रसार के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक में आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े, वनमण्डलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ए.के. झा, डिप्टी कलेक्टर ए.के. सिंह तथा सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
