रीवा

निरामय बीमा योजना का लाभ हर पात्र दिव्यांग को दें – कलेक्टर

निरामय बीमा योजना का लाभ हर पात्र दिव्यांग को दें – कलेक्टर

रीवा एमपी: कलेक्टर कक्ष में लोकल लेबल कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि जिले की लोकल लेबल कमेटी बहुत अच्छा कार्य कर रही है। जिले के 792 बहुविकलांग, मानसिक रोगी तथा ऑटिज्म से पीडि़त दिव्यांगों को निरामय बीमा योजना का लाभ दिया गया है। इनमें पांच साल तक की आयु के 189 दिव्यांग शामिल हैं। शेष सभी पात्र दिव्यांगों की विकासखण्डवार सूची तैयार करके उन्हें निरामय बीमा योजना से लाभान्वित कराएं। इसके माध्यम से दिव्यांगों को बीमा सुरक्षा तथा नि:शुल्क उपचार दोनों का लाभ दिया जा रहा है। निरामया योजना में पंजीकृत सभी दिव्यांगों को योजना के प्रावधानों का लाभ लेने के लिए मेरी ओर से अनुरोध पत्र प्रेषित करें। इस वर्ष 130 दिव्यांगों को लीगल गार्जियनशिप योजना का लाभ देकर सराहनीय कार्य किया गया है।
बैठक में दिव्यांगों को बसों के किराये में 50 प्रतिशत छूट का लाभ देने का मुद्दा उठाया गया। कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा दिव्यांगों को बस किराये में 50 प्रतिशत छूट के स्पष्ट आदेश जारी किए गए हैं। सभी बसों में दिव्यांगों को किराये में 50 प्रतिशत छूट देने के पोस्टर कम से कम दो उपयुक्त स्थलों में लगवाएं। बस एसोसिएशन को भी इस संबंध में पत्र दें। जिला परिवहन अधिकारी को भी शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया जाएगा। बस स्टैण्ड तथा प्रमुख स्थलों में फ्लैक्स लगाकर भी लोगों को दिव्यांगों को किराये में 50 प्रतिशत छूट की जानकारी दें। सोशल मीडिया के माध्यम से भी इसका प्रचार प्रसार कराएं।
बैठक में लोकल लेबल कमेटी के नवीनीकरण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बैठक में लीगल गार्जियनशिप के 27 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में समिति के संयोजक डॉ. सुशीला दुबे ने लोकल लेबल कमेटी द्वारा वर्तमान त्रैमास में किए गए कार्यों की जानकारी दी। बैठक में प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, सचिव जिला रेडक्रास समिति डॉ. विनोद श्रीवास्तव, श्री एके खान, श्री रामजी पाण्डेय तथा समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button