
जीवन में सफलता का मूल मंत्र है जीवन कौशल
ज्ञानगंगा कार्यक्रम के तहत बेवीनार संपन्न
रीवा एमपी: विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार कुछ ऐसी दक्षताएं होती हैं जिनको अपने जीवन में उतार कर विषम परिस्थितियों में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। इन्हें जीवन कौशल का नाम दिया गया है यानी लाइफ स्किल । लाइफ स्किल यानी अपने अंदर ऐसी क्षमता का विकास करना कि हर परिस्थिति में हम सामंजस्य पूर्ण और सकारात्मक व्यवहार कर सकें तथा दिन प्रतिदिन आने वाली चुनौतियां और समस्याओं का कुशलतापूर्वक सामना कर सफलता प्राप्त कर सकें। ज्ञान गंगा रीवा और मध्य प्रदेश आईएपी के सौजन्य से ज्ञान गंगा वेबीनार का आयोजन हुआ जिसका विषय लाइफ स्किल या जीवन कौशल था । इस विषय पर विषय विशेषज्ञ शिशु रोग विशेषज्ञ एवं पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉक्टर ज्योति सिंह, जीडीसी में प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष होम साइंस प्रोफेसर डॉ अर्चना गुप्ता, प्रोफेसर एवं पूर्व विभाग विभाग अध्यक्ष रसायन शास्त्र प्रोफेसर डॉ. प्रवीण सिंह तथा श्रीमती सीमा शर्मा ने विचार व्यक्त किए । कार्यक्रम का संचालन शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद जैन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. एच पी सिंह ने ज्ञान गंगा कार्यक्रम के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना काल से ही ऑनलाइन कक्षाओं द्वारा छात्रों तथा फैकल्टी सदस्यों को पोषण, स्वच्छता, हाइजीन, मोबाइल एडिक्शन के विषय में हर माह सेमिनार आयोजित कर जानकारी प्रदान की जा रही है । समसामयिक विषयों में कोरोना के बारे में बचाव और सुरक्षा की जानकारी भी दी गई । टीकाकरण के प्रचार प्रसार में भी इसका काफी योगदान रहा। डॉ. ज्योति सिंह ने बताया कि किशोरावस्था जीवन का सबसे उथल-पुथल पूर्ण काल होता है जिसमें शारीरिक तथा मानसिक भावनात्मक परिवर्तन होते हैं । साथ ही किशोरों से माता-पिता शिक्षक व समाज की अनेक अपेक्षाएं होती हैं जिन्हें वह पूरा करना चाहते हैं और अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। इस समय में जीवन कौशल आपको अपने चुनौतियों और समस्याओं से सफलतापूर्वक और पाने के लिए बहुत आवश्यक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दस कोर लाइफ स्किल होती हैं जो कि सभी किशोरों के लिए आवश्यक होती हैं। इनमें से विचारात्मक स्किल अर्थात रचनात्मक चिंतन, आलोचनात्मक चिंतन, निर्णय लेना और समस्या का निवारण करना ।भावनात्मक स्किल यानी अपने तनाव और भावनाओं में उतार-चढ़ाव से सफलतापूर्वक निबटना और सामाजिक कौशल जिसमें आत्मज्ञान , समानुभूति ,अंतर वैयक्तिक संबंध तथा प्रभावी संवाद है ।
डॉ प्रवीण सिंह ने रचनात्मक चिंतन की आवश्यकता बताते हुए बच्चों के जीवन में रचनात्मकता के विकास विषय पर अपने विचार रखे । किशोरावस्था में लालन-पालन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में हम लोग जो कुछ भी बच्चों के ऊपर निवेश करते हैं उसका ब्याज हमें जीवन भर प्राप्त होता है । चाहे वह पोषण हो अथवा ज्ञान । डॉ अर्चना गुप्ता ने जीवन में समय के प्रबंधन पर विस्तृत रूप से जानकारी दी । श्रीमती सीमा शर्मा ने किशोरों में भावनात्मक समस्याओं विषय पर जानकारी दी। मध्य प्रदेश आई ए पी की अध्यक्ष डॉ नीति अग्रवाल ने कार्यक्रम की सराहना की। सचिव डॉ राजेश टिक्कस ने सभी अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापित किया.
