आलोक कुमार तिवारी प्रतिनिधि रीवा
रीवा और मऊगंज जिले में 26 अगस्त तक निकलेगी स्नेह यात्रा
स्नेह यात्रा के लिए विभिन्न अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी
रीवा एमपी : रीवा तथा मऊगंज जिले में शासन के निर्देशों के अनुरूप 16 अगस्त से स्नेह यात्रा आरंभ की गई है। यात्रा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद 26 अगस्त को नईगढ़ी में समाप्त होगी। यात्रा के दौरान स्वामी श्री केशवानंद जी सरस्वती तथा अन्य संतगण आमजनों से संवाद करेंगे। अपर कलेक्टर रीवा शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि यात्रा के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यात्रा के दौरान जनसंवाद स्थलों में सुरक्षा तथा यातायात संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। यात्रा जिन क्षेत्रों में भ्रमण करेगी वहाँ के एसडीएम जनसंवाद कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करेंगे। संतगणों तथा यात्रा में शामिल सभी व्यक्तियों के ठहरने तथा कोटवार के माध्यम से आमजनता को जनसंवाद कार्यक्रम की जानकारी देने की व्यवस्था करेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पूरी यात्रा के दौरान चिकित्सक एवं चिकित्साकर्मी तैनात कर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर कलेक्टर ने बताया कि जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी यात्रा के कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार दीवार लेखन के माध्यम से करेंगे। ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों के माध्यम से यात्रा की व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जायेगी। साथ ही जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल ग्रामों में संकीर्तन एवं सत्संग के लिए मंच, माइक एवं अन्य व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करेंगे। इसमें स्थानीय भजन मण्डली तथा लोक कलाकारों की भी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। स्नेह यात्रा के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराकर जिला जनसम्पर्क अधिकारी के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराएँगे। उप संचालक जनसम्पर्क को यात्रा से जुड़े समाचार प्रतिदिन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ-साथ जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला संयोजक आदिमजाति कल्याण विभाग, अनुविभागीय अधिकारी पीएचई, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिए गए निर्देशों के अनुसार व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करेंगे। यात्रा के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान के सीएम फेलो सहयोग करेंगे। जन अभियान परिषद के विकासखण्ड स्तरीय समन्वयक को यात्रा के दौरान सामाजिक संगठनों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की जनसंवाद में सहभागिता कराने एवं प्रतिदिन यात्रा की रिपोर्ट जिला नोडल अधिकारी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।


