
विशाल समाचार नेटवर्क टीम रीवा
मऊगंज कलेक्टर ने सिविल अस्पताल मऊगंज का किया औचक निरीक्षण
रीवा एमपी : नवगठित मऊगंज जिले के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने आज सिविल अस्पताल मऊगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकीय सुविधा सहित अस्पताल में साफ-सफाई का निरीक्षण किया तथा मरीजों से उनको मिलने वाले उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान बीएमओ को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को पूरी संवेदना के साथ चिकित्सकीय सुविधा मिले तथा उनके परिजनों को अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था में कमी होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की तथा निर्देश दिए कि अस्पताल सहित पूरे परिसर में सफाई की व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को अस्पताल में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें पूरी चिकित्सकीय सुविधा मिले। इसमे किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।


