रोजगार दिवस का कार्यक्रम आज
रीवा विशाल समाचार नेटवर्क टीम: रोजगार दिवस कार्यक्रम का आयोजन आज एक फरवरी को किया गया है। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुरैना में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जायेगा। जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में दोपहर बाद 12.30 बजे से आयोजित होने वाले रोजगार दिवस कार्यक्रम में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 में जिले में लाभांवित हितग्राहियों को स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किये जायेंगे।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि स्वरोजगार योजनाओं के अधिक से अधिक प्रकरणों की स्वीकृति कराकर संबंधित हितग्राहियों को इनका वितरण कराया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने आयोजन के लिये आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। कार्यक्रम के संचालन के लिये विभिन्न विभागीय अधिकारियों को दायित्व सौंपे गये हैं। सभी अधिकारी नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे। कलेक्टर ने स्वरोजगार योजना से संबद्ध अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य अनुसार हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये हैं।


