सहकारी समिति बेलवा पैकान के निर्वाचन का कार्यक्रम तय
रीवा विशाल समाचार संवाददाता मुख्यमंत्री कृषक उत्पादक सहकारी समिति बेलवा पैकान के निर्वाचन के लिए नियुक्त रिटर्निंग आफीसर वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक केएस मरावी ने बताया है कि समिति के निर्वाचन का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। समिति के संचालक मण्डल में कुल 11 सदस्य चुने जाएंगे। इनमें से 9 अनारक्षित एक अनुसूचित जाति तथा एक अनुसूचित जनजाति वर्ग का होगा। इन सदस्यों में ही अनारक्षित वर्ग में दो पद महिलाओं से चुने जाएंगे। निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक समिति कार्यालय बेलवा पैकान में दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 11 फरवरी को ही दोपहर 2 बजे से की जाएगी। उम्मीदवार 13 फरवरी को दोपहर एक बजे तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन कर उन्हें चुनाव प्रतीक आवंटित किए जाएंगे। समिति की विशेष साधारण सम्मिलन 19 फरवरी को आयोजित किया गया है। इसमें प्रात: 11 बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। समिति में रिक्त स्थानों में संचालकों के सहयोजन की कार्यवाही 20 फरवरी को दोपहर एक बजे से दो बजे तक की जाएगी। रिक्त स्थानों के लिए नामांकन 21 फरवरी को दोपहर एक से दो बजे तक दर्ज किए जाएंगे। समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों के निर्वाचन की सूचना 22 फरवरी को सुबह 11 बजे जारी की जाएगी। इनका निर्वाचन 25 फरवरी को दोपहर एक बजे किया जाएगा।

