
बस्ती के इण्डो-इजराइल सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स में “मैनेजमेंट ऑफ इरिगेशन एंड फर्टीगेशन” विषयक चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुभारम्भ
प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार, मशाव, और उत्तर प्रदेश उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित
बस्ती/लखनऊ विशाल समाचार संवाददाता
औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र, बस्ती के अन्तर्गत इण्डो-इजराइल सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स फॉर फ्रूट्स, बंजरिया, बस्ती में “मैनेजमेंट ऑफ इरिगेशन एंड फर्टीगेशन” विषयक चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय बागवानी विकास मिशन, भारत सरकार, मशाव (इजराइली दूतावास, नई दिल्ली) एवं उत्तर प्रदेश उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 22 से 25 अप्रैल 2025 तक आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री सार्थक अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी, बस्ती द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि ड्रिप सिंचाई तकनीक के माध्यम से किसान कम पानी में अधिक सिंचाई कर सकते हैं और दोगुना उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग कर अधिकारीगण अपने राज्यों में किसानों को इस तकनीक के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री यूरी रूविन्सटीन, एग्रीकल्चर अटैची, मशाव, इजराइली दूतावास, नई दिल्ली ने की। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश श्री बी.एल. मीणा ने प्रतिभागी अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ड्रिप सिंचाई को खेतों में व्यवहारिक रूप से लागू करना आवश्यक है, जिससे किसानों को अधिक लाभ मिल सके।

प्रशिक्षण में नेटाफिम इरिगेशन के विशेषज्ञ श्री प्रशान्त पंचोली एवं श्री संदीप जावलेकर ने “कंसेप्ट ऑफ ड्रिप इरिगेशन”, “सॉयल एंड प्लांट रिलेशनशिप”, “सेलेक्शन ऑफ ड्रिप एंड स्प्रिंकलर सिस्टम”, “टाइप्स ऑफ माइक्रो इरिगेशन” तथा “वी.आई.एस. स्टैंडर्ड्स” विषयों पर गहन जानकारी प्रदान की।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहित मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, केरल, हरियाणा, राजस्थान, तमिलनाडु, पंजाब, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना राज्यों से इण्डो-इजराइल सेन्टर्स ऑफ एक्सीलेन्स के अधिकारी व उद्यान विभाग के जनपदीय अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं।
संयुक्त निदेशक श्री भानु प्रकाश राम, प्रभारी अधिकारी श्री अनीश कुमार श्रीवास्तव एवं प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री ब्रह्मदेव ने प्रतिभागियों को बागवानी व सब्जी उत्पादन में ड्रिप इरिगेशन की उपयोगिता और इसके दीर्घकालिक लाभों पर प्रकाश डाला।


