
भारत-पाक तनाव के बीच राज ठाकरे का बड़ा बयान – “यह समय प्रार्थना का है, न कि इंटरव्यू का”
पुणे: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह समय किसी भी तरह के इंटरव्यू या चर्चा का नहीं, बल्कि भारतीय सेना और सीमावर्ती क्षेत्रों में रह रहे नागरिकों के लिए प्रार्थना का है।
दरअसल, राज ठाकरे को पुणे में एक निजी चैनल द्वारा विशेष साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया था। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उन्होंने कार्यक्रम में शामिल न होने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जब देश की सीमाओं पर अत्यधिक तनाव हो, तो चैट और इंटरव्यू जैसे आयोजन उचित नहीं होते।
राज ठाकरे ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट करते हुए लिखा,
“शनिवार, 10 मई को एक न्यूज़ चैनल पुणे में मुझसे विशेष साक्षात्कार करने वाला था। लेकिन जब देश की सीमाओं पर तनाव का माहौल हो, तो मुझे नहीं लगता कि ऐसे कार्यक्रम करना उचित है।”
उन्होंने आगे लिखा,
“इसलिए मैंने अपनी भावना संपादकीय टीम को बताई और उन्होंने भी इसे समझते हुए साक्षात्कार को स्थगित करने का निर्णय लिया।”
“अभी समय प्रार्थना का है”
राज ठाकरे ने देशवासियों से अपील करते हुए लिखा,
“इस समय हमें एकजुट होकर भारतीय सेना और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए प्रार्थना करनी चाहिए। बाकी सभी विषयों पर बाद में चर्चा की जाएगी।”


