
सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने प्रधानमंत्री राहत कोष में दान किया एक साल का वेतन
रिपोर्ट: कुणाल किशोर, सीतामढ़ी
सीतामढ़ी: सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने देशहित में एक अनुकरणीय कदम उठाते हुए अपना एक साल का मूल वेतन, कुल 15 लाख रुपये, प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया है। यह जानकारी उन्होंने शुक्रवार को शंकर चौक स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
सांसद ठाकुर ने बताया कि 22 अप्रैल को कश्मीर में सैलानियों पर हुए कायराना और बर्बर आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई पूरी तरह से न्यायसंगत और प्रभावी रही। इस विशेष सैन्य ऑपरेशन में दो वीर महिला सैन्य अधिकारियों—कर्नल सोफिया कुरैशी और कैप्टन विमिका सिंह—का विशेष योगदान रहा। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने न केवल आतंकियों को करारा जवाब दिया, बल्कि देश की बेटियों के सिंदूर का भी बदला लिया गया।
“देश युद्ध जैसे हालात से गुजर रहा है। ऐसे समय में हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि अपने स्तर से देश का साथ दें। मैंने अपनी ओर से प्रधानमंत्री राहत कोष में यह छोटी-सी सहायता दी है,” ठाकुर ने कहा।
सांसद ठाकुर ने आगे कहा कि वे मां जानकी की जन्मभूमि सीतामढ़ी से देशवासियों से अपील करते हैं कि वे भी इस राष्ट्रीय संकट की घड़ी में आगे आएं और भारत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों में सहयोग दें।
उनका यह निर्णय सोशल मीडिया पर भी सराहना बटोर रहा है और क्षेत्रीय जनता के बीच सकारात्मक संदेश फैल रहा है।



