मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित
रीवा (विशाल समाचार): मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत राज संस्थाओं के उप चुनाव के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। इसमें एक जनवरी 2025 की अर्हता तिथि को आधार मानकर नए मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 23 मई से 26 मई के मध्य अधिकारियों को प्रशिक्षण देने तथा शिफ्टिंग सूची के सत्यापन का कार्य करेंगे। मतदाता सूची बनाने वाले वेण्डर 30 मई को शिफ्टिंग, जाँच और संशोधन के लिए चेकलिस्ट रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को प्रदान करेंगे। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 5 जून को किया जाएगा। इस संबंध में मतदाताओं तथा जनप्रतिनिधियों को जानकारी देने के लिए 5 और 6 जून को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की जाएंगी। मतदाता सूची के संबंध में दावे-आपत्तियाँ 5 से 11 जून तक प्राप्त की जाएंगी। दावे आपत्तियों का निराकरण 17 जून तक किया जाएगा। इसकी चेकलिस्ट 20 जून तक तैयार करके चेकलिस्ट में सुधार के बाद 21 जून को वेण्डर को उपलब्ध करा दिया जाएगा। फोटोयुक्त मतदाता सूची 23 जून तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं वेण्डर द्वारा जनरेट की जाएगी। इसे 23 जून को ही वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 25 जून को ग्राम पंचायत तथा अन्य निर्धारित सार्वजनिक स्थलों पर मतदाता सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन करेंगे। इसी दिन से मतदाता सूची की फोटो रहित सीडी विक्रय के लिए उपलब्ध हो जाएगी।


