
4 जून से पुणे में शुरू होगी महाराष्ट्र प्रीमियर लीग, आम खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
पुणे (डीएस तोमर): महाराष्ट्र प्रीमियर लीग (एमपीएल) और वुमेन्स महाराष्ट्र प्रीमियर लीग (डब्ल्यूएमपीएल) का रोमांच 4 जून से पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू होगा। एमपीएल में 4एस पुणेरी बाप्पा और डब्ल्यूएमपीएल में पुणे वॉरियर्स समेत सभी टीमें तैयार हैं। यह जानकारी महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रोहित पवार ने दी।
आम खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
श्री पवार ने बताया कि एमपीएल जैसी लीग के कारण महाराष्ट्र के कोने-कोने से सामान्य परिवारों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और मौका मिल रहा है। इस बार पुरुषों के लिए 409 और महिलाओं के लिए 249 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से टीम मालिकों ने अपनी जरूरत के अनुसार खिलाड़ियों का चयन किया।
टीमें और शेड्यूल
एमपीएल 2025 में 6 टीमें — 4एस पुणेरी बाप्पा, पीबीजी कोल्हापुर टस्कर्स, रत्नागिरी जेट्स, ईगल नाशिक टायटन्स, सातारा वॉरियर्स और रायगड रॉयल्स — हिस्सा लेंगी। डब्ल्यूएमपीएल में पुणे वॉरियर्स, रत्नागिरी जेट्स, सोलापुर स्मैशर्स और रायगड रॉयल्स खेलेंगी। टूर्नामेंट के सभी मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में होंगे और 22 जून को फाइनल खेला जाएगा।
प्रसारण और सुविधाएं
सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जिओ हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स 2 पर होगा, जिससे राज्य ही नहीं, देशभर के दर्शक इसका आनंद ले सकेंगे। दर्शकों के लिए स्टेडियम में मुफ्त प्रवेश और पार्किंग की सुविधा रहेगी। साथ ही, स्कूल के बच्चों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
विशेष उद्घाटन समारोह
4 जून की शाम भव्य उद्घाटन समारोह के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत होगी, जिसमें ड्रोन शो और सेलिब्रिटी परफॉर्मेंस भी शामिल है। उद्घाटन मैच रत्नागिरी जेट्स और ईगल नाशिक टायटन्स के बीच खेला जाएगा।
क्रिकेट विकास की नई पहल
एमसीए जल्द ही पुणे में अजय शिर्के के नाम पर राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी की तर्ज पर अपनी अकादमी शुरू करेगा, जिससे राज्य में क्रिकेट का स्तर और ऊंचा होगा।
एमपीएल और डब्ल्यूएमपीएल न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धात्मक मंच हैं, बल्कि महाराष्ट्र के क्रिकेट को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम हैं।

