स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 : नागरिकों के अभिप्राय से गाँव की स्वच्छता को मिलेगी नई दिशा
पुणे, “एक पग स्वच्छता की ओर, एक अभिप्राय गाँव की प्रगति की ओर” इस उद्देश्य के साथ केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 अभियान देशभर में प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए कार्यों को लेकर नागरिकों से सीधा अभिप्राय प्राप्त किया जाएगा। इसके लिए SBMSSG 2025 नामक एक विशेष मोबाइल ऐप विकसित किया गया है।
पुणे जिल्हा परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गजानन पाटील ने नागरिकों से अपील की है कि वे यह ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और उसमें स्वच्छता संबंधी प्रश्नों के उत्तर देकर अपना अभिप्राय अवश्य दर्ज करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा दिया गया हर सकारात्मक फीडबैक गाँव की रैंकिंग और स्वच्छता के स्तर को सीधे प्रभावित करेगा।
इस वर्ष पुणे जिले के 53 गाँवों का सर्वेक्षण कर मूल्यांकन किया जाएगा। ऐप के माध्यम से नागरिकों को अपने मोबाइल नंबर से पंजीकरण करना होगा। ओटीपी के माध्यम से सत्यापन के बाद राज्य, जिला, तालुका, ग्राम, लिंग, आयु आदि जानकारी भरने पर कुल 13 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो शौचालय की उपलब्धता, ठोस कचरा प्रबंधन, अपशिष्ट जल निपटान जैसी स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं से संबंधित होंगे।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पाटील ने ग्राम पंचायतों, उनके सदस्यगण, महिला मंडलों, स्वयंसेवी संस्थाओं, उद्यमियों तथा ग्राम विकास से जुड़े सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे ऐप डाउनलोड कर इसमें सहभागिता दर्ज करें। साथ ही गटविकास अधिकारी, तालुका स्वास्थ्य अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, गटशिक्षणाधिकारी, कॉलेजों के प्राचार्य एवं जिला परिषद के विभागीय प्रमुखों से अपेक्षा की गई है कि वे अधिकाधिक नागरिकों को इस अभियान से जोड़ने हेतु सुनियोजित कार्ययोजना के साथ आगे आएँ।
उन्होंने कहा कि यह प्रयास पुणे जिले को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बना सकता है। अतः सभी का सक्रिय सहभाग आवश्यक है।



