रीवा

हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान में हर व्यक्ति को सहभागी बनाएं – कलेक्टर

हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान में हर व्यक्ति को सहभागी बनाएं – कलेक्टर

 

रीवा राजू उर्फ अनिल सिंह: कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि दो अगस्त से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके अभियान के लिए वातावरण का निर्माण करें। देश के स्वतंत्रता तथा राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, मानव श्रृंखला बनाकर तथा प्रभातफेरी के माध्यम से हर व्यक्ति को इस अभियान में सहभागी बनाएं। सभी अधिकारी भी हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभायें। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली, तिरंगा मेला जैसे कार्यक्रम आयोजित करें। जिला, विकासखण्ड और ग्राम स्तर पर अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कराएं।

 

कलेक्टर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह और स्वच्छता अभियान भी जुड़ा हुआ है। सभी अधिकारी अपने कार्यालय और कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई कराएं। कार्यालय के अभिलेखों को व्यवस्थित कराएं। अभियान का तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस अवधि में सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जाएगा। कार्यालयों, निजी प्रशासनिक आवासों तथा वाहनों में तिरंगा फहराएं। तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड करने के लिए लोगों को प्रेरित करें। अभियान के दौरान जल जीवन मिशन तथा स्वच्छता मिशन के तहत नगरीय निकाय के सभी वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण के कार्य और स्वच्छता के कार्य कराएं। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनाएं। सभी एसडीएम अपने-अपने अनुभागों में अभियान की मानीटरिंग करें। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभियान की मानीटरिंग करें। आयुक्त नगर निगम नगरीय निकाय के सभी वार्डों में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान संचालित कराएं। सभी शासकीय और निजी स्कूलों तथा कार्यालयों को भी इस अभियान में शामिल करें। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने अभियान के संबंध में शासन के निर्देशों की जानकारी दी। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर आरके सिन्हा, सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button