रीवा

स्वतंत्रता दिवस में रीवा जिले में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस में रीवा जिले में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर ने ध्वजारोहण करके ली परेड की सलामी

 

रीवा विशाल समाचार संवाददाता. देश का 79वां स्वतंत्रता दिवस रीवा जिले में हर्षोंल्लास से मनाया गया। जिले में आन-बान-शान से तिरंगा लहराया गया। मुख्य समारोह एसएएफ पुलिस परेड मैदान में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने ध्वजारोहण करके परेड की सलामी ली। समारोह में मुख्यमंत्री जी के स्वतंत्रता दिवस संदेश का भोपाल से सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद कलेक्टर ने जिले की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए आमजनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। समारोह में सशस्त्र बलों ने हर्ष फायर करके राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन किया। समारोह में परेड कमाण्डर दिलीप तिवारी के नेतृत्व में विशेष शस्त्र बल, जिला पुलिस बल एवं सैनिक स्कूल के दल के सहित विभिन्न दलों ने बैण्ड की मधुर धुन पर आकर्षक परेड की। समारोह में इसके बाद मुख्य अतिथि ने तीन रंग के मनोहारी गुब्बारों को हर्ष स्वरूप मुक्त गगन में छोड़ा।

 

समारोह में मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों वीर शहीदो के परिजनों तथा लोकतंत्र के प्रहरियों का पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। समारोह में तीन स्कूलों के विद्यार्थियों ने देश भक्ति से ओतप्रोत तथा शासन की विकास योजनाओं को प्रदर्शित करने वाले गीतों और नृत्यों के साथ मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य समारोह के साथ-साथ सभी विकासखण्ड मुख्यालयों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थानों एवं कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। जिले भर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैलियाँ निकाली गर्इं। देशभक्ति गीतों और नारों से गुंजायमान तिरंगा रैलियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की शोभा में वृद्धि की।

 

 

समारोह में तीन स्कूलों के विद्यार्थियों ने आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। ज्योति सीनियर सेकण्डरी स्कूल के विद्यार्थियों ने विश्व वंदे मातरम गीत तथा बघेली लोकगीत के माध्यम से वीरों का नमन करते हुए आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। सेन्ट्रल एकेडमी स्कूल ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता तथा रीवा शहर को स्वच्छता में उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। बाल भारती स्कूल के विद्यार्थियों ने मनोहारी देशभक्ति गीत के साथ आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। इसमें ऑपरेशन सिंदूर की सफलता, शासन की विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। देश के जवान बढ़े चले हैं मंजिल की ओर गीत से सबका मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शहीदों के बलिदान और जिले की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया।

 

समारोह का समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में आयोजित सशस्त्र परेड में जिला पुलिस बल महिला विंग को प्रथम, एसएएफ नवीं बटालियन को द्वितीय स्थान तथा जिला होमगार्ड को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। बिना शस्त्र के परेड में एनसीसी टीआरएस कालेज बल को प्रथम, एनसीसी मॉडल साइंस कालेज को दूसरा तथा एनसीसी सीनियर कन्या महाविद्यालय को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। सैनिक स्कूल द्वारा प्रस्तुत परेड में को कन्या दल को प्रथम, थल सेना को द्वितीय तथा जल सेना को तीसरा स्थान मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बाल भारती स्कूल को प्रथम, सेंट्रल एकेडमी को द्वितीय तथा ज्योति सीनियर सेकण्डरी स्कूल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

 

समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व महापौर श्री वीरेन्द्र गुप्ता, कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी राजेश सिंह, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवणे, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर सुश्री वैशाली जैन, जनप्रतिनिधिगण, वीर शहीदों के परिजन, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में आमजन, विद्यार्थी तथा पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button