पूणे

भाजपा के लिए सुविधाजनक वार्ड संरचना का विरोध : राहुल डंबाळे

भाजपा के लिए सुविधाजनक वार्ड संरचना का विरोध : राहुल डंबाळे

वार्ड संरचना रद्द करने की चुनाव आयोग से मांग

 

पुणे : पुणे महानगरपालिका चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच प्रशासन की ओर से 41 वार्डों का गठन किया गया है। रिपब्लिकन सोशलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष राहुल डंबाळे ने इस वार्ड संरचना पर गंभीर आपत्ति जताते हुए इसे तत्काल रद्द करने की मांग राज्य चुनाव आयोग से की है।

 

राहुल डंबाळे ने आयोग को दिए गए लिखित निवेदन में कहा कि वार्ड संरचना करते समय केंद्रीय व राज्य चुनाव आयोग की स्पष्ट गाइडलाइन्स को नज़रअंदाज कर केवल भाजपा के मौजूदा उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने की नीयत से यह रचना की गई है।

 

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को घोषित वार्ड संरचना में नदियों, नालों, राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों जैसी प्राकृतिक व प्रशासनिक सीमाओं को ध्यान में रखने की स्पष्ट हिदायत होने के बावजूद जानबूझकर अनदेखी की गई है।

 

इसके साथ ही अनुसूचित जाति प्रवर्ग से संबंधित आरक्षण को प्रभावित करने वाली यह रचना बेहद चिंताजनक है। इससे अनुसूचित जाति वर्ग का प्रतिनिधित्व घट सकता है, जो लोकतांत्रिक अधिकारों पर कुठाराघात है।

 

राहुल डंबाळे ने आरोप लगाया कि पिछले पाँच वर्षों में भाजपा के फैसलों और राज्य सरकार की नीतियों से शहर को भारी नुकसान हुआ है। इसी का अंदेशा देखते हुए सत्ता पक्ष ने अवैध हस्तक्षेप कर अपने अनुकूल वार्ड संरचना बनाई है। यह कदम मतदाता चोरी जैसा प्रतीत होता है और देशभर में जारी मतचोरी प्रकरणों की तर्ज पर ही यह वार्ड रचना बनाई गई है।

 

रिपब्लिकन सोशलिस्ट पार्टी ने राज्य चुनाव आयोग से मांग की है कि तुरंत हस्तक्षेप कर इस वार्ड संरचना पर रोक लगाए और नई पारदर्शी संरचना तैयार की जाए। साथ ही डंबाळे ने घोषणा की कि इस अन्यायपूर्ण वार्ड संरचना के विरोध में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button