
सुबोध भावे ने किया शिवसृष्टी का दौरा
पुणे, : आंबेगांव बुद्रुक स्थित महाराजा शिवछत्रपती प्रतिष्ठान द्वारा निर्माणाधीन शिवसृष्टी में छत्रपती शिवाजी महाराज का जीवन अत्यंत आकर्षक और भव्य रूप में साकार किया गया है। यहां शिवाजी महाराज से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं, उनके पराक्रम, पुत्र और सहकर्मियों के योगदान को जीवंत रूप दिया गया है।
प्रसिद्ध अभिनेता सुबोध भावे ने अपने परिवार सहित शिवसृष्टी का दौरा किया और कहा कि “शिवछत्रपती का भव्य कार्य उतनी ही भव्यता के साथ शिवसृष्टी के माध्यम से नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत हो रहा है। इस स्थल को देखकर मानो शिवकाल फिर से अवतरित हो गया है।”
इस अवसर पर प्रतिष्ठान के विश्वस्त अमृत पुरंदरे, विनीत कुबेर, शिवसृष्टी के प्रशासकीय अधिकारी अनिल पवार सहित कर्मचारी वर्ग उपस्थित थे।
सुबोध भावे ने कहा कि इस प्रकल्प के माध्यम से डॉ. बाबासाहेब पुरंदरे और उनके सहयोगियों की वर्षों की तल्लीनता और तपस्या सफल हुई है। उन्होंने आगे कहा कि “शिवसृष्टी से बाहर निकलने वाला हर व्यक्ति छत्रपती शिवाजी महाराज की प्रेरणादायी स्मृतियां, विचार और संस्कार लेकर जाता है। छत्रपती शिवाजी महाराज की पूजा करना बाबासाहेब पुरंदरे का सपना था और आज वह प्रत्यक्ष साकार होते देखना अत्यंत सुखद है।”

भावे ने बताया कि बचपन से ही वे बाबासाहेब पुरंदरे के शिवाजी महाराज पर दिए गए व्याख्यान सुनते आए हैं, उनकी पुस्तकों का अध्ययन किया है और ‘जाणता राजा’ जैसे अनेक प्रयोग देखे हैं। लेकिन, शिवाजी महाराज के नाम पर विश्व स्तर पर उनके संपूर्ण जीवन कार्य का प्रतिबिंब प्रस्तुत करने वाली शिवसृष्टी ही बाबासाहेब का सबसे बड़ा सपना था। आज यह सपना साकार होता देख वे भावुक और आनंदित हुए।


