
मुख्यमंत्री 7 सितम्बर को आएंगे मऊगंज जिले में देवतालाब और बहुती
मुख्यममंत्री जी के दौरे की सभी तैयारियां समय पर पूरी कर लें –विधायक श्री गौतम
मऊगंज .मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 7 सितंबर को मऊगंज जिले में विभिन्न स्थानों का भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम में बहुती जलप्रपात पर्यटन स्थल तथा देवतालाब शिव मंदिर को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव देवतालाब स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। समारोह में विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास भी किया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री जी पहली बार देवतालाब आ रहे हैं। जिले के दो प्रमुख पर्यटन स्थलों देवतालाब मंदिर तथा बहुती जलप्रपात में मुख्यमंत्री जी का आगमन होगा। मुख्यमंत्री जी के आगमन से जिले के विकास को गति मिलेगी। सभी अधिकारी मुख्यमंत्री जी के दौरे की तैयारियां समय पर पूरी कर लें।
बैठक में कलेक्टंर संजय कुमार जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जिले के लिए महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी आमसभा तथा अन्य कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी कर लें। तैयारियों के लिए देवतालाब तथा बहुती में जिम्मेदार अधिकारी तैनात करें। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर लें।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री सबसे पहले पर्यटन स्थल बहुती जलप्रपात पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री देवतालाब पहुंचकर शिवमंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्री देवतालाब स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। समारोह में हितग्राहियों को हितलाभ का भी वितरण किया जाएगा। समारोह में लोक कलाओं और लोकरंग का भी प्रदर्शन होगा। सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्व के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग बहुती और देवतालाब में हेलीपैड निर्माण तथा सभास्थल में आवश्यक निर्माण एवं बेरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल में सुरक्षा व्यवस्था, आंगतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, मंच की साज-सज्जा तथा कार्यक्रमों के प्रस्तुतिकरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर डॉ. राजेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, एडीएम पीके पाण्डेय, एसडीएम मऊगंज राजेश मेहता, एडिशनल एसपी विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


