
प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का कलेक्ट्रेट परिसर में शुभारंभ
इटावा, विशाल समाचार
मा. मानवेन्द्र सिंह, सदस्य विधान परिषद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट परिसर, इटावा में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। यह प्रदर्शनी 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी।
इस प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना और आमजन को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है। उद्घाटन अवसर पर जिला सूचना अधिकारी ने मुख्य अतिथियों को प्रदर्शनी में प्रदर्शित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं जैसे मुफ्त इलाज, युवाओं को रोजगार, महिला सशक्तिकरण, मिशन रोजगार, कृषि क्षेत्र की प्रगति, सौर ऊर्जा, प्रधानमंत्री ग्रामीण व शहरी आवास योजना आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार द्वारा स्थापित अनेक कीर्तिमानों की झलक आम नागरिकों को देखने को मिलेगी। यह पंद्रह दिन तक चलेगी और इसमें हर क्षेत्र के विकास कार्यों को शामिल किया गया है, जिससे लोग योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सीधे लाभान्वित हो सकें।
इस अवसर पर पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, भाजपा महामंत्री प्रशांत राव चौबे, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप जिलाधिकारी न्यायिक राकेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी नीलम यादव, पत्रकार बंधु और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


