राज्य शासन के 150 दिवसीय कार्यक्रम का जिलें में प्रभावी क्रियान्वयन
▪️ जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से अनुकंपा उम्मीदवारों की नियुक्ति हेतु सिफारिश
पुणे, (सोहन सिंह):राज्य शासन द्वारा घोषित 150 दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं उपक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में अनुकंपा नियुक्ति एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है। जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी के मार्गदर्शन में इस प्रक्रिया को गति प्रदान की गई है। इससे एक ओर सरकारी कार्यालयों को आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध होगा, वहीं दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को रोजगार का अवसर भी प्राप्त होगा।
विशेष शिविर और मार्गदर्शन
जिलाधिकारी कार्यालय में 3 सितम्बर को आयोजित विशेष शिविर में उम्मीदवारों को शासन के निर्णय, नियमावली और नियुक्ति प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। उम्मीदवारों की वरीयता सूची तय कर संबंधित विभागों को नियुक्ति हेतु सिफारिशें भेजी गईं। विभागीय स्तर पर दस्तावेज़ों का सत्यापन पूरा कर पात्र उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
वर्गवार नियुक्ति प्रक्रिया
गट-‘क’ पदों के लिए प्रतीक्षा सूची में दर्ज 162 उम्मीदवारों में से 97 को नियुक्ति हेतु सिफारिश की गई है। वहीं गट-‘ड’ पदों के लिए प्रतीक्षा सूची में शामिल 241 उम्मीदवारों में से 147 उम्मीदवारों को नियुक्ति देने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा अन्य नियुक्ति प्राधिकरणों को 46 और उम्मीदवारों की सिफारिश भेजी गई है।
जिलाधिकारी का वक्तव्य
जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने इस प्रक्रिया में पारदर्शिता, गति और सर्वसमावेशिता पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा,
“शासन के 150 दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत अनुकंपा नियुक्ति प्रक्रिया को गति देकर पात्र उम्मीदवारों को रोजगार उपलब्ध कराना हमारा प्रमुख उद्देश्य है। इससे दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक आधार और पुनर्वास में मदद मिलेगी। साथ ही, सरकारी कार्यालयों को आवश्यक मानव संसाधन मिलकर कार्यकुशलता बढ़ेगी। जिले में यह प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम ढंग से लागू की जा रही है तथा सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से समन्वय के साथ कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।”



