विधिक साक्षरता शिविर संपन्न
रीवा विशाल समाचार: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राकेश मोहन प्रधान के मार्गदर्शन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश श्री समीर कुमार मिश्र के नेतृत्व में सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल धाम पड़रा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सचिव श्री मिश्र ने बच्चों को लैंगिक अपराधों के संरक्षण अधिनियम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बालक-बालिकाओं के यौन शोषण करने वाले अपराधियों को तीन वर्ष से लेकर मृत्यु दण्ड तक का प्रावधान है। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अभय कुमार मिश्रा ने कहा कि बालकों की सुरक्षा एवं उनका विकास समाज का दायित्व है। उन्होंने किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम के बारे में जानकारी दी। लीगल ऐड डिफेंस असिस्टेंट अनीष कुमार पाण्डेय ने नि:शुल्क विधिक सहायता योजना के विषय में अवगत कराया। आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य संतोष पटेल द्वारा किया गया है। शिविर में प्राध्यापक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
