
इटावा में मिशन शक्ति 5.0 के तहत बेटियों को मिली सुरक्षा और स्वावलम्बन की सीख
इटावा, विशाल समाचार: जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन हेतु “मिशन शक्ति” विशेष अभियान (फेज-05) का क्रियान्वयन जनपद में प्रभावी रूप से किया जा रहा है। मुख्य सचिव, उ०प्र० शासन गृह (पुलिस) अनुभाग-15 के शासनादेश संख्या-620 दिनांक 19.09.2025 तथा प्रमुख सचिव, महिला कल्याण अनुभाग-3 के शासनादेश संख्या-ई-3635668 दिनांक 22.09.2025 के अनुपालन में यह अभियान संचालित हो रहा है।
जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार आज दिनांक 04 अक्टूबर 2025 को पर्सनल सेफ्टी अवेयरनेस कार्यक्रम कर्मक्षेत्र महाविद्यालय इटावा, कम्पोजिट विद्यालय कांधनी बढ़पुरा इटावा तथा विकास खण्ड सैफई में आयोजित किए गए।
कर्मक्षेत्र महाविद्यालय में अजित कुमार दुबे ने मिशन शक्ति 5.0 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित किया। वहीं श्रीमती वंदना भदौरिया एवं अर्चना भदौरिया ने वन स्टॉप सेंटर और महिला कल्याण विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
ग्राम पंचायत कांधनी में प्रभारी महिला थानाध्यक्ष ने पुलिस सहायता हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी दी, जबकि श्रीमती कीर्ती गुप्ता ने चाइल्ड हेल्पलाइन की उपयोगिता पर चर्चा की। विकास खण्ड सैफई में मो० वसीम और मो० आलम ने बाल सेवा योजना के लाभों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
इन कार्यक्रमों में प्राचार्य, अध्यापकगण, छात्राएँ एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जागरूकता अभियानों के माध्यम से आम जनता को मिशन शक्ति 5.0, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी एवं प्रेरणा प्रदान की गई।


