
सीतामढ़ी जिले में 11 नवम्बर को मतदान, 14 नवम्बर को मतगणना — जिला प्रशासन ने की तैयारी की समीक्षा
सीतामढ़ी, विशाल समाचार
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा जारी प्रेस नोट सं. NO.ECI/PN/316/2025 दिनांक 06.10.2025 के अनुसार, बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत सीतामढ़ी जिले के सभी 08 विधानसभा क्षेत्रों में द्वितीय चरण का मतदान 11 नवम्बर 2025 को संपन्न होगा।
मतगणना की तिथि 14 नवम्बर 2025 निर्धारित की गई है।
निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के पश्चात् आज संध्या 6:00 बजे जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पाण्डे एवं पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी श्री अमित रंजन द्वारा समाहरणालय विमर्शकक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस ब्रीफिंग की गई।
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी श्री पाण्डे ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान की सभी तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर कर्मियों के प्रशिक्षण, सामग्री प्रबंधन, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं तथा मतदाताओं की सुविधा से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा तैनाती और गश्ती व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी तंत्र सक्रिय किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता एवं मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित
किए जा रहे हैं।



