
- स्वदेशी अपनाएं, देश को आत्मनिर्भर बनाएं — सरिता भदौरिया
Reported by Vishal Sharmachar Web Desk | Etawha Bureau
इटावा, राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो ‘स्वदेशी मेला 2025’ का शुभारंभ भव्य तरीके से किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा तथा इटावा सदर विधायक सरिता भदौरिया ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री जी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से किया। इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से वातावरण में उत्सव का रंग भर दिया।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लोन प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को मंत्री जी ने चेक वितरित किए। पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित सेवा पखवाड़ा 2025 की चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को ₹51,000, ₹21,000 और ₹11,000 के पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के 50 स्टॉल लगाए गए, जिनका संचालन 18 अक्टूबर तक किया जाएगा। मंत्री जी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रदर्शनी की सराहना की और लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेला देखने आएं और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन दें।
अपने उद्बोधन में सरिता भदौरिया ने कहा कि दीपावली के अवसर पर स्वदेशी उत्पादों से अपने घर को सजाएं और जीएसटी दरों में कमी का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि “स्वदेशी अपनाएं और देश को आत्मनिर्भर बनाएं”, यही प्रधानमंत्री का सपना है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि छोटे दुकानदारों से सामान खरीदते समय मोलभाव न करें, बल्कि उनका मनोबल बढ़ाएं ताकि वे भी त्योहार खुशी से मना सकें।
उन्होंने कहा कि ओडीओपी योजना के तहत जनपद के उत्पादों को देश और विदेश में पहचान मिल रही है। साथ ही उन्होंने पॉलीथिन के प्रयोग को पूरी तरह बंद करने, जल संरक्षण करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया।
मंत्री जी ने कहा कि “बच्चे और मातृशक्ति यदि ₹50-₹100 बचाकर एक थैला खरीदें और उसी में सामान लाने की आदत डालें, तो पॉलीथिन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है।”
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय के बाद फिर से स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि “हम सभी मिलकर 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करेंगे और भारत फिर से सोने की चिड़िया बनेगा।”
कार्यक्रम के अंत में अन्नप्राशन और गोदभराई की रस्में भी संपन्न कराई गईं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाकांत, भाजपा महामंत्री शिवाकांत चौधरी, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार, संस्कृत पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
Vishal Samachar Digital Network – मुख्यालय Pune, Maharashtra
Etawah सहित 8 राज्यों में Ground Reporting सक्रिय
Ground से Global तक — हर खबर, हर क्लिक पर


