
स्वच्छता, हरियाली और गंगा संरक्षण की दिशा में ठोस पहल — जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में हुई बैठक
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता
जिला गंगा समिति, वृक्षारोपण समिति एवं पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर गहन चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी महोदय ने जिला गंगा समिति के अंतर्गत जन जागरूकता, नदी तट विकास, वनीकरण, सीवरेज उपचार हेतु बुनियादी ढांचे का विकास, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण एवं नदियों के पुनरुद्धार जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत पूरे जनपद में घर-घर से कूड़ा एकत्र कर एम.आर.एफ. सेंटर तक पहुँचाया जाए। लोगों को जागरूक किया जाए कि वे नदी में कूड़ा, कपड़ा या किसी भी प्रकार का ठोस अपशिष्ट न फेंकें। साथ ही, मेले व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जागरूकता बैनर लगाए जाएँ तथा ऐसे स्थानों की पहचान की जाए जहाँ घाट का विकास किया जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला पर्यावरण समिति के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट, प्लास्टिक अपशिष्ट एवं अन्य अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पक्का तालाब स्थित एम.आर.एफ. सेंटर को सक्रिय किया जाए और संबंधित नगर निकायों को पत्र लिखकर सड़क किनारे पड़े कचरे को हटाने के लिए निर्देशित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगर एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वच्छता पर सख्ती से निगरानी रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति कचरा न जलाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि आर.आर.सी. केंद्रों के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्राइवेट नर्सिंग होम्स में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने टीम बनाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बायोमेडिकल वेस्ट सामान्य कचरे में न मिलाया जाए।
उन्होंने ई-वेस्ट प्रबंधन पर भी बल देते हुए कहा कि लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाए। सभी सरकारी कार्यालयों में रखे पुराने कंप्यूटर उपकरण, कीबोर्ड, माउस आदि को ई-वेस्ट प्रबंधन प्रणाली में जमा कराया जाए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, पुलिस उपाधीक्षक आयुषी सिंह, डी.एफ.ओ. विकास नायक, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, उप कृषि निदेशक आर.एन. सिंह, डी.पी.ओ. संजीव चौहान, जे.आर.एफ. डॉ. संगीता, संस्कृति पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
—

