
इटावा: युवा कल्याण विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग 2025-26 की तैयारियां तेज़
इटावा:विशाल समाचार:- युवा कल्याण विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के अन्तर्गत पूर्व में विकास खण्ड, जनपद, जोन एवं राज्य स्तर पर आयोजित की जाने वाली खेल प्रतियोगिताओं को शासन की मंशा के अनुरूप और अधिक व्यापक, सुव्यवस्थित एवं स्वीकार्य बनाये जाने के उद्देश्य से वर्ष 2025-26 में खेल विभाग और युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा सब-जूनियर, जूनियर व सीनियर वर्ग में 08 खेल विधाओं यथा-एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जूडो एवं बैडमिण्टन में महिला/बालिका एवं पुरुष/बालक श्रेणी में आयोजित कीं जानीं हैं। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये खेल विभाग द्वारा संसदीय क्षेत्र स्तर पर माननीय सांसद खेल स्पर्धा एवं युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा विधानसभा क्षेत्र स्तर पर माननीय विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन विभिन्न आयुवर्गों में किया जायेगा।
सर्वप्रथम युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा विकास खण्ड स्तर पर 08 खेल विधाओं में उपलब्धतानुसार श्रेष्ठ खिलाड़ियों की चयन/ ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित करायी जायेगी, जिसमें विजयी खिलाड़ियों को विधान सभा स्तर पर आयोजित माननीय विधायक खेल स्पर्धा में प्रतिभागिता करायी जायेगी, विजयी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार प्रदान किया जायेगा साथ ही संसदीय क्षेत्र स्तर पर आयोजित मा० सांसद विधायक खेल स्पर्धा में प्रतिभाग कराने का अवसर प्रदान किया जायेगा। मा० विधायक खेल स्पर्धा में अधिक से अधिक प्रतिभाग कराने के लिये युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग के युवासाथी पोर्टल (http://yuvasathi.in) पर “खेल स्पर्धा पंजीयन” टैब पर ऑनलाइन निःशुल्क पंजीकरण चल रहे हैं।
उक्त खेलकूद प्रतियोगिताओं को शासन की मंशानुसार जनपद में आयोजित कराने के लिये जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार, इटावा में बैठक आहूत की गयी, जिसमें अध्यक्ष महोदय द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर एवं अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगिता में प्रतिभागिता हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में युवक व महिला मंगल दलों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये तथा प्रतियोगिताओं में रेफरी, कोच की उपलब्धता हेतु जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी व खेल विभाग को निर्देशित किया। प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सुगमता से खेल मैदान व संसाधनों की उपलब्धता वाले सरकारी, अर्द्धसरकारी स्कूलों में भी आयोजन कराने हेतु निर्देशित किया।
उक्त बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सचिव जिला कबड्डी संघ, सचिव जिला बैडमिंटन संघ, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी व जिला युवा कल्याण अधिकारी अपने समस्त कार्मिकों एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों के साथ उपस्थित रहे।



