
इटावा में बैंकर्स उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित, वित्तीय समावेशन व स्वयं सहायता समूहों की प्रगति पर चर्चा
इटावा, विशाल समाचार :उपायुक्त (स्वतः रोजगार) श्री विनय कुमार द्वारा जानकारी दी गई है कि दिनांक 16 अक्टूबर, 2025 को विकास भवन के प्रेरणा सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत जनपद इटावा के सभी बैंक शाखा प्रबंधकों के लिए सूक्ष्म वित्त एवं वित्तीय समावेशन विषयक एक दिवसीय बैंकर्स उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बैंक केवल व्यवसायिक संस्थान नहीं हैं, बल्कि उनका सामाजिक दायित्व भी है। विशेष रूप से गरीब महिलाओं के प्रति सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर उन्होंने जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय कुमार गौतम ने बैंक प्रबंधकों से कहा कि बैंक सखियों को शाखाओं में बैठने के लिए स्थान प्रदान करें और उनके नाम व पदनाम का स्पष्ट अंकन किया जाए। प्रत्येक शुक्रवार को बैंक सखियों और ब्लॉक मिशन प्रबंधकों के साथ बैठक कर सीसीएल लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त श्री विनय कुमार ने स्वयं सहायता समूहों और उनके संगठनों द्वारा आजीविका के क्षेत्र में की गई गतिविधियों की जानकारी दी और आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। जिला मिशन प्रबंधक श्री संतोष कुशवाहा ने एनपीए को कम करने और समूहों तथा उनकी सामुदायिक संस्थाओं को सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा व्यक्त की।
राष्ट्रीय NIRD हैदराबाद से आए प्रशिक्षक श्री शुभांकर झा और श्री दयानिधि मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया मास्टर सर्कुलर और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित बैंकिंग प्रक्रियाओं पर विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को CBRM, कॉर्पस मनी, बचत और लोन खाते खोलने, CCL डॉक्यूमेंटेशन और KYC प्रक्रियाओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया और उनके प्रश्नों का समाधान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने श्री शगुन गुप्ता (यूनियन बैंक अकबरपुर), श्री मुकेश मौर्या (सेंट्रल बैंक मानिकपुर बिसु), मो. शफी खान (सेंट्रल बैंक अहेरीपुर), श्री सुमित कुमार (भारतीय स्टेट बैंक बसरेहर), श्री ध्रुव कुमार (भारतीय स्टेट बैंक चकरनगर), जिला मिशन प्रबंधक श्री संतोष कुशवाहा, ब्लॉक मिशन प्रबंधक श्री धर्मेंद्र श्रीवास्तव सैफई, श्री रिंकू बाबू बढ़पुरा, श्रीमती रीनू जसवंतनगर, सौरभ पाण्डेय बढ़पुरा, श्रीमती प्रासू गौतम महेवा, बैंक सखी श्रीमती सनोज, श्रीमती सबीना, श्रीमती पूनम, श्रीमती प्रियंका आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला प्रबंधक एमएम ठेले, जिला मिशन प्रबंधक सूर्य नारायण पाण्डेय, विप्लव भूषण, दीपेंद्र सिंह तोमर, NIS असिस्टेंट अनुराग जैन, आमिर अलीम, ब्लॉक मिशन प्रबंधक और बैंक सखी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों से कार्यशाला का फीडबैक लिया गया। कार्यशाला का संचालन जिला मिशन प्रबंधक श्री संतोष कुशवाहा द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपायुक्त (स्वतः रोजगार) श्री विनय कुमार ने किया।



