
दिव्यांग मतदाताओं के जागरूकता हेतु पीडब्ल्यूडी कोषांग सीतामढ़ी द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सीतामढ़ी, विशाल समाचार: आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर पीडब्ल्यूडी कोषांग, सीतामढ़ी द्वारा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दिव्यांगजन मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बुनियाद केंद्र, डुमरा सीतामढ़ी में एक दिव्यांग मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के दौरान पीडब्ल्यूडी कोषांग के पदाधिकारियों द्वारा दिव्यांगजनों से अपील की गई कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला प्रबंधक, बुनियाद केंद्र डुमरा, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सीतामढ़ी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सुश्री जया, सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, सीतामढ़ी ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महापर्व है और हर नागरिक को इसमें भाग लेना चाहिए। उन्होंने उपस्थित सभी दिव्यांगजनों से अपील की कि वे स्वयं मतदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में उपस्थित दिव्यांग मतदाताओं ने शपथ ली कि वे मतदान के दिन स्वयं मतदान करेंगे तथा अपने आसपास के मतदाताओं को भी जागरूक कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में योगदान देंगे।
मुख्य उद्देश्य: दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना, उन्हें मतदान के महत्व से अवगत कराना तथा आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना।



