मऊगंज प्रदेश स्थापना दिवस समारोह कलेक्टर कार्यालय परिसर में
मऊगंज विशाल समाचार. प्रदेश स्थापना दिवस एक नवम्बर को मनाया जाएगा। स्थापना दिवस समारोह कलेक्टर कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री जनार्दन मिश्र होंगे। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बताया कि समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजनों की सहभागिता रहेगी।
कार्यक्रम स्थल में जिले की उपलब्धियों और उत्कृष्ट कार्यों तथा स्वसहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। जिला मुख्यालय के सभी शासकीय भवनों में एक नवम्बर की रात्रि में प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला शिक्षा अधिकारी तथा अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा शिक्षण संस्थानों में प्रदेश के गौरव और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कराकर विद्यार्थियों को स्थापना दिवस कार्यक्रम से जोड़ें। जिला शिक्षा अधिकारी जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति सुनिश्चित करें। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले और प्रदेश के विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करें। सभी अधिकारी प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।


