रीवा

विन्ध्यवासियों का उर्वर मस्तिष्क सकारात्मक कार्य करे तो चमत्कार हो जाता है – उप मुख्यमंत्री

विन्ध्यवासियों का उर्वर मस्तिष्क सकारात्मक कार्य करे तो चमत्कार हो जाता है – उप मुख्यमंत्री

मध्यप्रदेश अब तेजी से विकास की राह पर चल रहा प्रदेश है – उप मुख्यमंत्री

 

रीवा विशाल समाचार संवाददाता. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में कहा कि मध्यप्रदेश अब तेजी से विकास की राह पर चल रहा प्रदेश है। प्रदेश निर्माण का 70वां वर्ष मनाते हुए हम सबको गर्व है। कृषि, उद्योग, अधोसंरचना विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित हर क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों गरीबों को लाभान्वित किया जा रहा है। एक समय ऐसा भी था जब प्रदेश में बीमारू राज्य का टैग लगा था। प्रदेश में संसाधन, प्राकृतिक संपदा और परिश्रम करने वाले करोड़ों हाथ हैं। सरकार की सही नीतियों और कार्यक्रमों से अब प्रदेश के विकास को पंख लग गए हैं।

 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ विन्ध्य प्रदेश का भी तेजी से विकास हुआ है। यहाँ पहले केवल एक लाख एकड़ में सिंचाई की सुविधा थी। हमने इसे तीन लाख एकड़ तक बढ़ाया है। अगले पाँच सालों में रीवा में नौ लाख एकड़ में सिंचाई की सुविधा मिल जाएगी। इससे जिले का तेजी से आर्थिक विकास होगा। विन्ध्य के निवासियों का उर्वर मस्तिष्क सकारात्मक दिशा में जब प्रयास कर देता है तो चमत्कार कर देता है। प्रदेश के विकास का हम सिंहावलोकन करते हुए अतीत की गलतियों से सबक लेकर विकास का मार्ग प्रशस्त करें। नई पीढ़ी को नशे की राह से विमुख करना आवश्यक है। नई पीढ़ी यदि नशे की गिरफ्त में चली गई तो विकास के फल का स्वाद नहीं ले पाएगी। रीवा में प्रशासन ने नशे के विरूद्ध सराहनीय अभियान चलाकर 600 से अधिक नशे के सौदागरों को जेल भेजा है। भारी मात्रा में गांजा, कोरेक्स और अन्य मादक पदार्थ जब्त किया है।

 

उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश स्थापना दिवस समारोह के शुभारंभ पर ध्वजारोहण किया। समारोह में सेंट्रल एकेडमी तथा संदीपनि पीके स्कूल के विद्यार्थियों ने सुमधुर गीत प्रस्तुत किए। समारोह में विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश गान की मधुर प्रस्तुति दी। समारोह में उद्योग विभाग से लाभान्वित पाँच हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। औद्योगिक क्षेत्र घमूा में उद्योग की स्थापना के लिए श्रीमती पन्नाबाई प्रजापति, श्री राजकुमार कोरी तथा सुषमा प्रजापति को भूखण्ड आवंटन के आदेश प्रदान किए गए। दीपक कुमार तिवारी और अयाजुद्दीन अंसारी को उद्यम क्रांति योजना से राशि प्रदान की गई। उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्योग विभाग, नगर निगम, जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा वन विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व विधायक डॉ. पंचूलाल प्रजापति, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, डीआईजी हेमंत चौहान, जिला अध्यक्ष भाजपा श्री वीरेन्द्र गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, श्री राजगोपाल मिश्रचारी, श्री राजेन्द्र ताम्रकार, कौशलेश द्विवेदी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button