
कोरियन सांस्कृतिक महोत्सव ने जीते पुणेकरों के दिल
फैशन शो, के-पॉप, फ्यूज़न संगीत और कोरियन खाद्य-संस्कृति के स्टॉल्स को मिला शानदार प्रतिसाद
पुणे विशाल सिंह: इंडो-कोरियन सेंटर, किंग सेजोंग इंस्टिट्यूट पुणे द्वारा आयोजित कोरियन सांस्कृतिक महोत्सव को विद्यार्थियों, उनके परिजनों और कोरियन संस्कृति के प्रशंसकों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला। फैशन शो, के-पॉप, फ्यूज़न संगीत, कोरियन खाद्य-संस्कृति से जुड़े स्टॉल्स और ‘चार ऋतुओं’ के आकर्षक प्रदर्शन ने पुणेकरों का मन मोह लिया।
बालेवाड़ी स्थित इंडो-कोरियन सेंटर का पूरा परिसर कोरियन रंगों, संगीत और के-पॉप की ऊर्जा से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में दक्षिण कोरिया के मुंबई स्थित वाणिज्य दूत श्री यू डोंग-वॉन प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भारत–कोरिया के सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ बनाने के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर इंडो-कोरियन सेंटर की निदेशिका डॉ. एउन्जु लिम, सह-संस्थापक एवं करियर डेवलपमेंट सेंटर प्रमुख श्री संजीब घटक भी उपस्थित थे।
स्वागत भाषण में डॉ. एउन्जु लिम ने बताया कि कोरिया के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत वर्ष 2023 में स्थापित इंडो-कोरियन सेंटर में कोरियन भाषा के प्रारंभिक व मध्यम स्तर के पाठ्यक्रमों के साथ-साथ इंटरप्रिटेशन, कोरियन संगीत, मीडिया के माध्यम से कोरियन भाषा और पेशेवर कार्यक्षेत्र में उपयोगी कोरियन भाषा जैसे विशेष कार्यक्रम उपलब्ध हैं। संस्था द्वारा विद्यार्थियों को कोरिया में उच्च शिक्षा तथा करियर मार्गदर्शन की सुविधा भी प्रदान की जाती है।
महोत्सव की शुरुआत सेजोंग इंस्टिट्यूट के विद्यार्थियों के प्रभावी प्रस्तुतियों से हुई। इंडो-कोरियन फ्यूज़न संगीत, कोरियन काव्य-पठन और ऊर्जावान के-पॉप डांस प्रस्तुतियों ने दर्शकों को कोरियन संस्कृति का जीवंत अनुभव कराया। सहज एवं मैत्रीपूर्ण वातावरण ने आगंतुकों को कोरियन संस्कृति से निकटता से जुड़ने का अवसर दिया।
कल्चरल ऐक्टिविटी ज़ोन इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहा। स्क्विड गेम आधारित खेलों ने सभी आयु वर्ग के आगंतुकों को अपनी ओर खींचा। इसके साथ ही ‘फोर सीज़न्स ऑफ कोरिया’ फोटोबूथ, हान्गुल कैलिग्राफी, नामसान टॉवर मॉडल पर रंगीन हार्ट-लॉक्स टांगने की गतिविधि तथा कोरियन-स्टाइल फेस पेंटिंग को भी बेहतरीन प्रतिक्रिया मिली। कोरियन लोकप्रिय स्नैक्स परोसा जाने वाला फूड काउंटर भी बेहद लोकप्रिय रहा।
कार्यक्रम में सेशन-3 के समापन समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन, नियमित उपस्थिति और समर्पित प्रयासों के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
अंत में आकर्षक फैशन शो और जोश से भरे के-पॉप रैंडम प्ले डांस ने महोत्सव को चरम उत्साह तक पहुँचा दिया। इंडो-कोरियन सेंटर भाषाई, सांस्कृतिक एवं करियर-केंद्रित कार्यक्रमों का विस्तार करते हुए पुणे में बढ़ते के-कल्चर समुदाय के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा, ऐसा मुख्य संबोधन में संजीब घटक ने बताया।



