
शिविर में 234 मरीजों की हुई स्वास्थ्य जाँच – 22 को मिले आयुष्मान कार्ड
रीवा विशाल समाचार संवाददाता. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशों के अनुसार रीवा नगर निगम के विभिन्न वार्डों में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा संजीवनी क्लीनिक में नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर लगाए जा रहे हैं। इस क्रम में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रतहरा में आयोजित शिविर में 234 रोगियों की जाँच की गई। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला ने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं की जाँच की गई। शिविर में 22 पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाकर वितरित किए गए। शिविर में 20 हितग्राहियों का टीकाकरण किया गया तथा 61 रोगियों को एनसीडी कार्यक्रम के तहत सेवाएं दी गई। शिविर में 9 गर्भवती महिलाओं की जाँच तथा 30 संभावित क्षय रोगियों की भी जाँच की गई। शिविर में सिकल सेल एनीमिया की जाँच के लिए 8 रोगियों से नमूने लिए गए। इसके साथ-साथ संभावित क्षय रोगियों, डायबिटीज, ब्लडप्रेशर, कैंसर तथा अन्य रोगों से पीड़ितों की भी नि:शुल्क जाँच की गई। शिविर में रोगियों को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में नोडल अधिकारी शहरी क्षेत्र डॉ केबी गौतम, मेडिकल आफीसर डॉ निवेदिता तिवारी, जिला प्रबंधक राघवेन्द्र मिश्रा, पीएचएम सौरभ पाण्डेय तथा बड़ी संख्या में मरीजों के परिजन उपस्थित रहे।


