रीवारिपोर्ट

संकल्प से समाधान अभियान 12 जनवरी से 31 मार्च तक

संकल्प से समाधान अभियान 12 जनवरी से 31 मार्च तक

संकल्प से समाधान अभियान में हर पात्र हितग्राही होगा लाभान्वित  

 

रीवा विशाल समाचार: आमजनता की समस्याओं को हल करने तथा विकास योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रदेश भर में 12 जनवरी से 31 मार्च तक संकल्प से समाधान अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि रीवा संभाग के सभी जिलों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जाएगा। अभियान चार चरणों में चलेगा। अभियान के प्रथम चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी तक शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड तथा ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर लगाकर आमजनता से आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में नोडल अधिकारी तैनात रहेगा। सभी आवेदन पत्रों को नोडल अधिकारी के माध्यम से पोर्टल पर दर्ज कराया जाएगा।

 

कमिश्नर ने बताया कि अभियान का दूसरा चरण 16 फरवरी से 16 मार्च तक चलेगा। इस चरण में ग्राम पंचायतों के क्ल्स्टर और नगरीय निकायों में शिविर लगाकर आमजनता को आवेदन पत्रों के निराकरण की जानकारी दी जाएगी। निराकरण की जानकारी पोर्टल पर भी दर्ज की जाएगी। अभियान का तीसरा चरण 16 मार्च से 26 मार्च तक चलेगा। इस चरण में ग्राम पंचायतों तथा नगरीय क्षेत्र के वार्डों में शिविर लगाकर आवेदन पत्रों का निराकरण किया जाएगा। अभियान के चौथे चरण में 26 मार्च से 31 मार्च तक जिला स्तर पर प्रभारी मंत्री जी की अध्यक्षता में शिविर आयोजित करके पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा।

 

कमिश्नर ने कहा है कि सभी कलेक्टर 12 जनवरी के पहले नोडल अधिकारियों की तैनाती करके शिविरों के आयोजन का तिथिवार कार्यक्रम तैयार कर दें। इससे जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर अभियान के प्रथम दिन से ही आवेदन पत्रों का ऑनलाइन दर्ज करना सुनिश्चित कराएं। शिविरों की तिथियों का निर्धारण करके स्थानीय स्तर पर इसका प्रचार-प्रसार कराएं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से भी इसका प्रचार-प्रसार कराएं जिससे अधिक से अधिक हितग्राही शिविरों का लाभ उठा सकें। विकासखण्ड स्तर तथा जिला स्तर पर आवेदन पत्रों के पोर्टल पर दर्ज करने के लिए टीम तैनात करें। जिला स्तर से शिविरों की मॉनीटरिंग के लिए अधिकारी तैनात करें। संकल्प से समाधान अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। पूरे अभियान की मॉनीटरिंग तथा सम्पूर्ण कार्यवाही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button